सिटी पोस्ट लाइव : आज मंगलवार है. मंगलवार और शनिवार के दिन हनुमान जी को प्रसन्न करने के लिए विशेष होते हैं. ज्येष्ठ महीने के सभी मंगलवार का तो हिंदू धर्म में बहुत महत्व है. धर्म-शास्त्रों के अनुसार ज्येष्ठ माह में हनुमान जी ने बुजुर्ग वानर का रूप धरकर भीम का घमंड तोड़ा था, इसलिए ज्येष्ठ माह के मंगलवार में हनुमान जी के वृद्ध स्वरूप की पूजा की जाती है . इस महीने के सभी मंगलवार को बड़ा मंगल कहते हैं. आज पहला बड़ा मंगल है और बड़ा मंगल के दिन हनुमान जी को चोला चढ़ाना उनकी विशेष कृपा पाने का उत्तम तरीका होता है.
बड़ा मंगल के दिन हनुमानजी को चोला चढ़ाने के लिए सुबह स्नान करके लाल रंग के वस्त्र धारण करें. फिर हनुमान जी की प्रतिमा का गंगाजल से अभिषेक करें. इसके बाद सिंदूर में चमेली का तेल मिलाकर सबसे पहले हनुमानजी के चरणों में लगाएं और फिर प्रतिमा पर ऊपर से लेकर पैरों तक उन्हें चोला चढ़ाएं. चोला चढ़ाने के बाद हनुमानजी पर चांदी की वर्क, जनेऊ और साफ वस्त्र चढ़ाएं.हनुमान जी को चोला चढ़ाने से अनजाने भय दूर होते हैं. नकारात्मक शक्तियां पास भी नहीं फटकती हैं. सारी मनोकामनाएं पूरी होती हैं. मंगल दोष का बुरा प्रभाव कम होता है.
हनुमान जी प्रभु राम के परमभक्त हैं.भगवान् राम की आराधना करने वाले से हमेशा प्रसन्न रहते हैं. पीपल के 11 या 21 पत्तों पर सिंदूर से श्रीराम लिख लें, फिर इन पत्तों की माला बनाकर हनुमानजी को पहनाएं. हनुमान जी को चने, गुड़, मिठाई, पान सुपारी आदि का अर्पित करें, धूप-दीप करें. इसके बाद हनुमान चालीसा का पाठ करें. फिर हनुमान जी से अपनी मनोकामना बताते हुए उसे पूरी करने की प्रार्थना आखिर में हनुमानजी की आरती करें और हनुमानजी के चरणों में थोड़ा सा सिंदूर लेकर अपने मस्तक पर लगा लें.