दिल्ली AI समिट में हंगामे पर डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का तीखा प्रहार – ‘राहुल की कांग्रेस को राष्ट्रवाद से घृणा’

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित ‘इंडिया एआई इंपैक्ट समिट’ (India AI Impact Summit) में यूथ कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन ने राजनीतिक पारा गरमा दिया है। इस घटनाक्रम पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वर्तमान कांग्रेस अब महात्मा गांधी के आदर्शों वाली पार्टी नहीं रही, बल्कि यह पूरी तरह ‘राहुल की कांग्रेस’ बन चुकी है, जिसे राष्ट्रवाद से नफरत है।

‘विदेशी मानसिकता से ग्रस्त है कांग्रेस’
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने समिट के दौरान हुए हंगामे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा, “आज हम बदलते भारत में बिहार का बदलता स्वरूप देख रहे हैं। बिहार का अतीत गौरवशाली रहा है, जिसे फिर से जगाने की जरूरत है। लेकिन कांग्रेस अब विदेशी मानसिकता के प्रभाव में है। यह वह कांग्रेस नहीं है जिसने देश की आजादी के लिए कुर्बानी दी थी; यह राहुल गांधी की कांग्रेस है, जिसमें केवल भारत को बदनाम करने की मानसिकता बची है।” उन्होंने आरोप लगाया कि जब वैश्विक मंच पर भारत और बिहार की प्रगति की चर्चा हो रही है, तब कांग्रेस इसे पचा नहीं पा रही है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

दिलीप जायसवाल
बिहार सरकार के मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने भी सुर में सुर मिलाते हुए कहा कि कांग्रेस के भीतर ही अब बिखराव की स्थिति है। पार्टी के अनुभवी नेता खुद को नेहरूवादी या इंदिरा गांधीवादी कहलाना पसंद करते हैं, लेकिन वे राहुल गांधी के नेतृत्व से दूरी बना रहे हैं। जायसवाल के अनुसार, जब खुद कांग्रेस के पुराने नेता राहुल की सोच को स्वीकार नहीं कर पा रहे, तो जनता से उम्मीद करना व्यर्थ है।

वैश्विक मंच पर देश को शर्मिंदा करने की कोशिश: संजय सिंह
समिट में कई देशों के राष्ट्रपति और गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। इस पर बिहार के मंत्री संजय सिंह ने कहा कि जब राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मीडिया की नजरें भारत पर थीं, तब विरोध प्रदर्शन कर देश की छवि खराब करने का प्रयास किया गया। उन्होंने इसे देश और बिहार के सम्मान के साथ खिलवाड़ बताया।

जेडीयू ने बताया ‘सुनियोजित साजिश’
जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने इस हंगामे को कांग्रेस की एक सोची-समझी रणनीति करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का अपने कार्यकर्ताओं के समर्थन में आना यह साबित करता है कि यह सब प्री-प्लान्ड था, लेकिन यह दांव कांग्रेस पर ही उल्टा पड़ गया है।

Share This Article