सिटी पोस्ट लाइव :हिंदू नववर्ष व नए संवत्सर विक्रम संवत 2082 (Hindu New Year 2025) का आगाज चैत्र शुक्ल प्रतिपदा में 30 मार्च से हो रहा है.नए वर्ष की शुरुआत रविवार के दिन होने से संवत के राजा और मंत्री सूर्य होंगे. अन्न-धन, खनिज व धातु के स्वामी बुध, खाद्य पदार्थों के स्वामी मंगल होंगे.संवत्सर नाम कालयुक्त होगा और इसका वाहन हाथी रहेगा. नव संवत्सर ज्ञानियों व वैराज्ञियों के लिए उत्तम होगा.धर्म-आध्यात्म में रूचि बढ़ेगी. बुध के प्रभाव से वर्षा की स्थिति संतोष जनक रहेगी.
नए संवत्सर का निवास वैश्य के घर होने से व्यापार में प्रगति होगी. अन्न, भूमि, भवन, शिक्षा, सोना, वाहन, तकीनक के क्षेत्रों में तेजी रहेगी. सूर्य के राजा व मंत्री होने इस वर्ष तापमान सामान्य से ऊपर होने के कारण अत्यधिक गर्मी लोगों को झेलनी पड़ सकती है.अग्निकांड से धन जन की हानि के आसार हैं. इस वर्ष वृक्षों पर अपेक्षाकृत फल कम आने की संभावना है. चैत्र व वैशाख मास कष्टकारी व आषाढ़ मास में हवा की गति में तेजी आएगी. सावन मास में अनाजों में तेजी, आश्विन मास में समानता व कार्तिक में मंदी का दौर रहेगा. अगहण, पौष, माघ व फाल्गुन में अशांति, शासकीय विरोध झेलने पड़ेंगे.
इस वर्ष त्वचा व संक्रमण की बीमारियों का प्रकोप के आसार हैं.सूर्य के विशेष प्रभाव होने के कारण भारतीय राजनीति पर असर पड़ेगा.विदेशी कूटनीति से लाभ मिलेगा.देश के कई राज्यों में सत्ता परिवर्तन की संभावना बनेगी.कई स्थानीय राजनीतिक पार्टियों का विलय होगा. चैत्र शुक्ल प्रतिपदा में 30 मार्च रविवार को नए संवत्सर 2082 का आरंभ ग्रह-गोचरों के शुभ संयोग के साथ होगा. मीन राशि में इस दिन पांच ग्रह के मौजूद होने से पंचग्रहीय योग बनेगा. मीन राशि में सूर्य, बुध, राहु, शनि और शुक्र ग्रह विद्यमान होंगे. केतु कन्या राशि में, देवगुरु बृहस्पति वृष राशि में तथा मंगल मिथुन राशि में रहेंगे.