भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड अंतर्गत बखोरापुर गांव में आगामी 16 फरवरी को एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन सुप्रसिद्ध समाजसेवी अजय सिंह द्वारा अपने पूज्य पिता स्वर्गीय रामाधार सिंह जी की 13वीं पुण्यतिथि के पावन अवसर पर किया जा रहा है। दरअसल, यह शिविर जनसेवा की भावना को समर्पित है और इसका आयोजन अजय सिंह जी के निवास स्थान (राजकीय बुनियादी विद्यालय के समीप) के प्रांगण में होगा।
शिविर की मुख्य विशेषताएं और सुविधाएं;
ग्रामीणों की सुविधा के लिए इस एक दिवसीय शिविर में राज्य के प्रतिष्ठित अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे:
1) मेदांता हॉस्पिटल, पटना: संस्थान के प्रसिद्ध डॉक्टरों द्वारा मरीजों की संपूर्ण स्वास्थ्य जांच की जाएगी एवं उचित चिकित्सीय परामर्श दिया जाएगा।
2) दृष्टिपुंज हॉस्पिटल, पटना: आंखों के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा निःशुल्क जांच की जाएगी। साथ ही, चिन्हित जरूरतमंद मरीजों के लिए आधुनिक तकनीक से ऑपरेशन की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी।
3) दंत चिकित्सा: आरा के नामचीन चिकित्सकों की टीम द्वारा दांतों की जांच एवं उपचार निःशुल्क किया जाएगा।
4) अन्य सुविधाएं: शिविर में कान, नाक और गला (ENT) समेत अन्य सामान्य रोगों का भी विशेषज्ञों द्वारा निदान किया जाएगा।
समाजसेवी की अपील;
इस अवसर पर समाजसेवी अजय सिंह जी ने भोजपुर क्षेत्र के सभी ग्रामीणों, बुजुर्गों और जरूरतमंदों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि- “पिताजी की स्मृति में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर हम समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाना चाहते हैं। मेरा अनुरोध है कि अधिक से अधिक संख्या में लोग पहुँचकर इस सेवा का लाभ उठाएं।”