सिटी पोस्ट लाइव
बक्सर। बक्सर में आगामी चैती छठ पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों का जायजा लिया। जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि खतरनाक घाटों की पहचान कर उनके नामों को सार्वजनिक किया जाए और लोगों से अपील की जाए कि वे ऐसे घाटों पर पूजा करने न जाएं। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को घाटों की साफ-सफाई, मजबूत बैरिकेडिंग, और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए चेतावनी संकेतक और लाल झंडे लगाने के निर्देश दिए गए।

नदी में नाव संचालन पर प्रतिबंध
अनुमंडल पदाधिकारी को आदेश दिया गया कि 2 अप्रैल से 4 अप्रैल 2025 तक गंगा नदी में निजी नावों के संचालन पर रोक लगाई जाए। इसके अलावा, अंचल अधिकारी को निर्देश दिया गया कि संध्या अर्घ्य (3 अप्रैल) और सुबह अर्घ्य (4 अप्रैल) के दौरान घाटों पर गोताखोरों और लाइफ जैकेट के साथ नावों की तैनाती की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और मुख्य पार्षद के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया और सभी से छठ पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने की अपील की।