सीतामढ़ी में बनेगा मां सीता पुनाराधाम का भव्य मंदिर, 8 अगस्त को गृह मंत्री अमित शाह करेंगे शिलान्यास
सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के सीतामढ़ी जिले में स्थित पुनारा धाम में मां सीता के भव्य मंदिर के निर्माण का सपना अब साकार होने जा रहा है। आगामी 8 अगस्त को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंदिर का शिलान्यास करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित राज्य सरकार के कई मंत्री, विधायक और गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे।

राज्य सरकार ने पहले ही इस मंदिर के निर्माण की घोषणा और बजट आवंटन कर दिया था। यह मंदिर श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या की तर्ज पर करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा। मंदिर का निर्माण कार्य शिलान्यास समारोह के बाद तुरंत शुरू कर दिया जाएगा।

पुनारा धाम को पौराणिक मान्यताओं के अनुसार मां सीता की जन्मस्थली माना जाता है और इसे धार्मिक, सांस्कृतिक तथा पर्यटन के दृष्टिकोण से विशेष महत्व प्राप्त है। इस मंदिर के निर्माण से न केवल धार्मिक आस्था को बल मिलेगा बल्कि यह स्थल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा।