सिटी पोस्ट लाइव
बरही । सरस्वती पूजा के मद्देनजर बरही अनुमंडल में शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को बरही टाउन हॉल में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी जोहन टुडू ने की। इसमें प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के अलावा जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
बैठक में बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार विमल, भूमि सुधार उप समाहर्ता अजय भगत, प्रखंड विकास पदाधिकारी जयपाल महतो, अंचलाधिकारी अमित किस्कू, बरही पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी आभाष कुमार, पदमा बीडीओ निधि रजवार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रमेश ठाकुर, बरही मुखिया संघ के अध्यक्ष विजय यादव, विश्व हिंदू परिषद जिला सह मंत्री सह जिला परिषद प्रतिनिधि गुरुदेव गुप्ता समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए सभी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने का आश्वासन दिया, ताकि पूजा समारोह में किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। अनुमंडल पदाधिकारी जोहन टुडू ने कहा कि सरस्वती पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। प्रशासन हर स्तर पर सतर्क रहेगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। पूजा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और सभी आयोजकों से समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा।
एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने कहा कि पूजा के दौरान संवेदनशील इलाकों में विशेष नजर रखी जाएगी। पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाएगी और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की भी तैनात रहेगी। सभी आयोजकों से अपील की जाती है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निदेर्शों का पालन करे, उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है, जिसके लिए आम लोगों का सहयोग आवश्यक है। साथ ही, उन्होंने जीटी रोड पर वाहनों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए प्रतिमा विसर्जन के जुलूस को वहां न निकालने की सलाह दी।
क्लबों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने गांव, टोला, या मोहल्ले में ही प्रतिमा विसर्जन करें। इसके साथ ही, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने से बचने की भी चेतावनी दी और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस प्रशासन को सूचित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में मौजूद विभिन्न पंचायतों के मुखियाओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सौहार्द बनाए रखने और शांति व्यवस्था को मजबूत करने में प्रशासन की मदद करेंगे।
बैठक में मुखिया मंगलदेव यादव, मुखिया शमशेर आलम, मुखिया राजेन्द्र प्रसाद, मनोज कुमार, मोतीलाल चौधरी, राजन ओम, अर्जुन रविदास, विशेश्वर यादव, मो तैयब, मो सागिर समेत कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे। पूजा के सफल आयोजन के लिए प्रशासन और स्थानीय प्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास सराहनीय हैं। शांति समिति की यह बैठक सुनिश्चित करेगी कि सरस्वती पूजा बरही अनुमंडल में सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो।