सुनने में यह किसी हॉरर फिल्म का नाम लग सकता है, लेकिन चीन में यह ऐप इस वक्त चर्चा और डाउनलोड्स के सारे रिकॉर्ड तोड़ रहा है। ‘Are You Dead’ (क्या आप मृत हैं?) नाम का यह ऐप चीन के पेड ऐप्स की लिस्ट में टॉप पर पहुँच गया है। आखिर क्यों लोग मौत जैसा डरावना नाम सुनकर भी इसे धड़ाधड़ डाउनलोड कर रहे हैं? आइए जानते हैं इसके पीछे की असल वजह।
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और बदलती जीवनशैली के कारण चीन में अकेले रहने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। देर से शादी, काम के कारण पलायन और छोटे अपार्टमेंट्स में रहने की मजबूरी ने करोड़ों लोगों को घर में अकेला कर दिया है। अनुमान है कि 2030 तक चीन में 20 करोड़ लोग अकेले रह रहे होंगे। ऐसे में यह ऐप उन लोगों के लिए एक ‘सुरक्षा कवच’ बनकर उभरा है। ‘आर यू डेड’ का नाम भले ही रूह कंपा देने वाला हो, लेकिन इसका मकसद पूरी तरह मानवीय है। यह उन लोगों के लिए एक उम्मीद की किरण है जो अकेले रहते हैं और जिन्हें डर है कि मुसीबत के समय उन्हें कोई संभालने वाला नहीं होगा।
बेहद आसान काम करने का तरीका;
इस ऐप की सबसे बड़ी खासियत इसकी सादगी है। इसमें कोई जटिल हेल्थ ट्रैकिंग या सेंसर नहीं है। इसका सिद्धांत बहुत सरल है:
1) यूजर को हर दो दिन में ऐप खोलकर एक बड़े बटन पर टैप करना होता है।
2) यह टैप इस बात की पुष्टि करता है कि यूजर सुरक्षित और ठीक है।
3) इसे इतना आसान इसलिए रखा गया है ताकि बुजुर्ग लोग भी बिना किसी झंझट के इसका इस्तेमाल कर सकें।
अगर कोई यूजर तय समय सीमा के भीतर बटन नहीं दबाता, तो ऐप यह मान लेता है कि शायद यूजर किसी मुसीबत में है। ऐसी स्थिति में, ऐप तुरंत पहले से चुने गए इमरजेंसी कॉन्टैक्ट (दोस्त, रिश्तेदार या पड़ोसी) को अलर्ट मैसेज भेज देता है। यह एक चेतावनी संकेत की तरह काम करता है, ताकि समय रहते मदद पहुँचाई जा सके। मई में लॉन्च होने के बाद से यह ऐप लगातार चार्ट में ऊपर बना हुआ है। इसे इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को 8 युआन (लगभग ₹75) देने होते हैं। मुफ्त विकल्पों के दौर में भी लोग इस ऐप के लिए पैसे दे रहे हैं, जो यह साबित करता है कि आज के दौर में लोगों के लिए ‘मन की शांति’ (Peace of Mind) कितनी कीमती है।