ड्रोन तकनीक से किसानों को उर्वरक और कीटनाशक के छिड़काव का प्रदर्शन

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

बक्सर। जिले के इटाढ़ी प्रखंड स्थित बीज गुणन प्रक्षेत्र, शाहीपुर और ब्रह्मपुर प्रखंड के बीज गुणन प्रक्षेत्र, ब्रह्मपुर में मंगलवार को कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), बक्सर के द्वारा किसानों के लिए ड्रोन तकनीक से तरल उर्वरक और कीटनाशी दवाओं के छिड़काव का लाइव प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के तहत किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराने के लिए परिभ्रमण की व्यवस्था भी की गई।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

तकनीकी ज्ञान का प्रसार मुख्य उद्देश्य

ड्रोन से छिड़काव के इस लाइव डेमो का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों के बीच तकनीकी जानकारी फैलाना था, ताकि वे इस नवीन तकनीक का लाभ उठा सकें। उप परियोजना निदेशक बेबी कुमारी ने बताया कि शाहीपुर और ब्रह्मपुर स्थित बीज गुणन प्रक्षेत्रों में कुल 100 किसानों (प्रत्येक स्थान पर 50-50) को ड्रोन के माध्यम से कीटनाशक और उर्वरकों के छिड़काव की विधि का प्रदर्शन किया गया।

पारंपरिक तौर पर किसान पीठ पर स्प्रेयर मशीन टांगकर फसलों में दवा का छिड़काव करते हैं, जिससे न केवल अधिक समय लगता है बल्कि मेहनत भी काफी करनी पड़ती है। इस समस्या के समाधान के लिए ड्रोन तकनीक विकसित की गई है, जिससे किसान कम समय और कम लागत में अपनी फसलों पर सटीक मात्रा में उर्वरक और कीटनाशक छिड़क सकते हैं।

ड्रोन से छिड़काव पर सरकारी अनुदान

सहायक निदेशक (पौध संरक्षण) बेबी कुमारी ने बताया कि जो किसान ड्रोन के माध्यम से फसलों पर दवा का छिड़काव करवाना चाहते हैं, वे सरकार से 50% अनुदान प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें विभागीय पोर्टल पर लॉग इन करके ऑनलाइन सेवाओं के अंतर्गत पौध संरक्षण योजना के लिए आवेदन करना होगा। योजना के तहत, किसान अधिकतम 10 एकड़ तक की फसल पर ड्रोन तकनीक से उर्वरक और कीटनाशक का छिड़काव करवा सकते हैं।

इस अवसर पर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी बक्सर शेखर किशोर, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी डुमरांव शेखर कुमार, बीएओ, बीटीएम सहित सैकड़ों प्रगतिशील किसान उपस्थित थे, जिन्होंने इस तकनीक को नजदीक से देखा और इसे अपने खेतों में अपनाने की इच्छा जताई।

Share This Article