ईरान और इजराइल के बीच जारी तनाव का सीधा असर बिहार की रसोई तक पहुँच गया है। प्रदेश में गैस की किल्लत का आज चौथा दिन है और हालात बेकाबू होते दिख रहे हैं।
VVIP कल्चर और आम जनता की बेबसी;
पटना के गर्दनीबाग स्थित एक गैस एजेंसी के मालिक सोनल कुमार ने प्रशासन और सिस्टम पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि बुधवार को डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के ओएसडी (OSD) एजेंसी पर आए और 15 सिलेंडरों की मांग की। दरअसल, एजेंसी मालिक के मुताबिक, गोदाम में केवल 4 सिलेंडर बचे थे, जिन्हें वे वीआईपी (VVIP) लोग उठा ले गए। इसे लेकर उन्होंने कहा कि “वो बड़े लोग हैं, उन्हें मना करना हमारे बस में नहीं है।” हालांकि, गैस न मिलने के कारण अब लोग पुराने संसाधनों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे उनकी कीमतों में भी भारी उछाल आया है। पटना के बाजारों में लकड़ी की बिक्री 10 किलो से बढ़कर 3 क्विंटल प्रतिदिन तक पहुँच गई है। लकड़ी के साथ-साथ कोयले के दाम भी आसमान छू रहे हैं।
जिलों की स्थिति;
दरभंगा में सुबह 6 बजे से ही गैस एजेंसियों के बाहर 500 मीटर लंबी लाइनें लग रही हैं। वहीं, अररिया में कड़कड़ाती धूप और घंटों के इंतजार के बावजूद लोग खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। इसके अलावा मोतिहारी में भी कतार में पहले लगने की होड़ में लोगों के बीच हिंसक झड़प की खबरें भी सामने आ रही हैं।