सिटी पोस्ट लाइव
पटना मेट्रो का इंतजार कर रहे राजधानीवासियों को एक और झटका लगा है। 15 अगस्त को प्रस्तावित मेट्रो सेवा का उद्घाटन अब सुरक्षा कारणों से टाल दिया गया है। नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश कुमार ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे की केंद्रीय सुरक्षा टीम की रिपोर्ट और सुझावों के बाद यह फैसला लिया गया है। मंत्री के अनुसार, सभी सुरक्षा उपायों को पूरा करने के बाद ही मेट्रो का संचालन शुरू किया जाएगा, इसलिए 15 अगस्त तक उद्घाटन संभव नहीं है।
अब मेट्रो का ट्रायल रन इसी महीने यानी अगस्त में शुरू होने की संभावना है, जिसके बाद सितंबर में उद्घाटन की नई तारीख तय की जाएगी। पटना मेट्रो परियोजना के पहले चरण में 6.5 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर मेट्रो ट्रेनों का परिचालन प्रस्तावित है। यह रूट आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक होगा, जिसमें कुल पांच स्टेशन- आईएसबीटी, जीरो माइल, भूतनाथ, खेमनीचक और मलाही पकड़ी शामिल हैं। हालांकि, अभी भी इन स्टेशनों पर निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है और यात्रियों के लिए पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाओं की भी व्यवस्था नहीं की गई है।
डीएमआरसी के पूर्व सलाहकार दलजीत सिंह ने बताया कि किसी भी मेट्रो सेवा के संचालन से पहले कम से कम एक महीने तक ट्रेनिंग, सेफ्टी और सिस्टम टेस्टिंग अनिवार्य होती है। इस प्रक्रिया को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा को प्राथमिकता देना सबसे महत्वपूर्ण है, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की तकनीकी या परिचालन संबंधी परेशानी न आए। अब सभी की निगाहें सितंबर की नई डेडलाइन पर टिकी हैं। यह देखना होगा कि क्या इस बार पटना मेट्रो अपने सफर की शुरुआत कर पाती है या इंतजार और लंबा खिंचता है।