नीतीश कुमार को लगा एक और बड़ा झटका.

City Post Live

सिटी पोस्ट लाइव : JDU  की रुपौली से विधायक और पूर्व मंत्री बीमा भारती ने पार्टी  की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री,JDU  के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को सौंप दिया है.ऐसी चर्चा है कि बीमा भारती पूर्णिया से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं. पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातिमी के बेटे फराज फातिमी ने भी जदयू से इस्तीफा दे दिया है. वह जदयू के पूर्व विधायक रहे हैं.

हाल ही में पप्पू यादव ने अपने दल का विलय कांग्रेस में किया था. इसके पूर्व उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद से भेंट की थी. यह बात आयी थी कि वह कांग्रेस की टिकट पर पूर्णिया से महागठबंधन के उम्मीदवार होंगे.अब पूर्णिया से राजद का उम्मीदवार होगा या फिर कांग्रेस का यह सवाल महागठबंधन के संदर्भ में महत्वपूर्ण हो गया है. बीमा भारती ने शनिवार को राजद की सदस्यता भी ग्रहण कर ली.बीमा भारती की चर्चा हाल के दिनों में उस वक्त अधिक थी जब विधानसभा में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार को बहुमत प्राप्त करना था. बीमा भारती जदयू विधायक दल की बैठक में नहीं पहुंचीं थीं. इसके बाद विधानसभा में फ्लोर टेस्ट के दिन वह विलंब से पहुंची थी.

Contents

उनके बारे में उसी समय यह चर्चा थी कि वह राजद के संपर्क में हैं. पटना आने के क्रम में उनके पति व पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। मामला आर्म्स एक्ट का भी दर्ज हुआ था. वैसे उन्होंने विश्वासमत के दौरान जदयू के पक्ष में वोट किया था. वह जदयू नेतृत्व से नाराज चल रही थीं. एक बार लेसी सिंह पर गुस्सा करने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें फटकारा भी था.

Share This Article