सिटी पोस्ट लाइव
रेलवे में सफर करने वाले यात्री के लिए जरूरी खबर है। आज से भारतीय रेलवे ने एक नियम में बदलाव किया है। प्रत्येक दिन रेलवे से लाखों यात्री सफर करते है और अच्छी और बेहतर सुविधा देने के लिए रेलवे को समय-समय पर नियमों में बदलाव करना पड़ता है।
हालांकि, भारतीय रेलवे ने 1 जुलाई से कई नियमों में बदलाव किए हैं। जिसमें टिकट बुकिंग से लेकर टिकट की प्राइस तक में बदलाव किए थे। आज यानी 15 जुलाई 2025 से भारतीय रेलवे का एक और नया नियम लागू हुआ है नए नियम के अनुसार, अब यात्रियों को IRCTC की वेबसाइट या ऐप के जरिए तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार OTP वेरिफिकेशन करना अनिवार्य होगा। अब यात्रियों को आधार कार्ड से जुड़ें मोबाइल नंबर पर आए OTP से अपना वेरिफिकेशन करना होगा। इस नए नियम से पारदर्शिता आएगी और आम यात्रियों को तत्काल टिकट मिलने में भी आसानी हो जाएगी।
गौरतलब है कि नए नियम लाने का कारण आम लोगों की परेशानी को दूर करना था। पहले तत्काल टिकट बुकिंग की शुरूआत होते ही 30 मिनट में एंजेट्स द्वारा टिकट बुक कर दिए जाते थे। बता दें कि एसी के लिए तत्काल टिकट बुकिंग का समय 10 बजे है। तो वहीं नॉन एसी के लिए तत्काल टिकट बुकिंग 11 बजे शुरू होती है। अगर आपको OTP नहीं मिल रहा है, या आधार लिंक करने में दिक्कत है, तो आप IRCTC की हेल्पलाइन 139 या UIDAI हेल्पलाइन 1947 पर कॉल कर सकते हैं। इसके साथ ही नजदीकी रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर पर जाकर भी सहायता ली जा सकती है।