2000 रुपये के नोट आज भी हैं वैध मुद्रा .

City Post Live

सिटी पोस्ट लाइव : अगर आपके पास अभी भी 2000 के नोट हैं तो आपके लिए बड़ी खबर है. सरकार के अनुसार  2000 रुपये के नोट वैध मुद्रा हैं. उन्हें बिना किसी परेशानी के बैंकों और RBI के निर्गम कार्यालयों में बदल सकते हैं. जो लोग बैंकों या RBI कार्यालयों तक आसानी से नहीं पहुंच सकते वो डाकघर के माध्यम से नोट जमा कर सकते हैं. केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने 25 नवंबर 2024 को लोकसभा में एक सवाल के जवाब में बताया कि  7 अक्टूबर 2023 तक सभी बैंक शाखाओं में 2000 रुपये के नोट बदलने और जमा करने की सुविधा उपलब्ध थी. 19 मई 2023 से ही RBI के 19 निर्गम कार्यालयों में नोट बदलने की सुविधा मौजूद है. 9 अक्टूबर 2023 के बाद से, RBI के निर्गम कार्यालय लोगों और संस्थाओं से उनके बैंक खातों में जमा करने के लिए 2000 रुपये के नोट स्वीकार कर रहे हैं.

आप अपने 2000 रुपये के नोट किसी भी डाकघर के माध्यम से RBI के 19 निर्गम कार्यालयों में भेजकर अपने बैंक खाते में जमा करवा सकते हैं. मंत्री ने स्पष्ट किया कि 2000 रुपये के नोट वैध मुद्रा बने रहेंगे.सांसद दिनेश चंद्र यादव को दिए गए जवाब में पंकज चौधरी ने बताया कि RBI को सभी स्रोतों, बैंक शाखाओं, निर्गम कार्यालयों और डाकघरों से 2000 रुपये के नोट प्राप्त हुए हैं. सांसद ने मंत्री के जवाब की प्रतिलिपि भी साझा की है. इससे लोगों को यह स्पष्ट हो गया है कि 2000 रुपये के नोट अभी भी चलन में हैं और उन्हें बदलने की सुविधा जारी है.

Share This Article