सिटी पोस्ट लाइव
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य एक बार फिर सोशल मीडिया पर अपने मुखर और आक्रामक तेवरों को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उनका सीधा निशाना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक सार्वजनिक कार्यक्रम में लालू यादव के लिए ‘ससुरा’ शब्द का प्रयोग किए जाने पर रोहिणी आचार्य ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और सीएम के लिए “दिमागी तौर पर विक्षिप्त” और “बदजुबान तोंद वाले अंकल” जैसे बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है।
यह मामला ऐसे समय में गरमाया है, जब हाल ही में रोहिणी आचार्य और तेजस्वी यादव के करीबी संजय यादव के बीच के विवाद को तेजस्वी यादव की दखलंदाजी के बाद शांत किया गया था। तेजस्वी द्वारा अपनी बहन की प्रशंसा किए जाने के बाद यह प्रकरण थमा था, लेकिन अब रोहिणी का यह नया पोस्ट बिहार की सियासत में एक बार फिर गर्माहट ला सकता है।
नीतीश कुमार ने लालू यादव को क्या कहा था?

विवाद की शुरुआत 25 सितंबर को खगड़िया में हुई, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक कार्यकर्ता संवाद को संबोधित कर रहे थे। अपने संबोधन के दौरान, उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर तंज कसा। मुख्यमंत्री ने कहा, “ससुरा जब खुद हट गया तो अपनी पत्नी (राबड़ी देवी) को बना दिया। पहले के समय में इतना लोग काम करता था क्या?” मुख्यमंत्री के इस बयान को सोशल मीडिया पर वायरल होने में देर नहीं लगी, जिसके बाद आरजेडी खेमे में आक्रोश फैल गया।
रोहिणी आचार्य का सीएम नीतीश पर भड़काऊ पोस्ट
मुख्यमंत्री के इस अमर्यादित शब्द पर रोहिणी आचार्य ने पलटवार करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक लंबी पोस्ट लिखी। उन्होंने सीएम नीतीश कुमार को निशाने पर लेते हुए लिखा: “दिमागी तौर पर पूरी तरह से विक्षिप्त हो चुके व्यक्ति की जुबान गंदी होनी स्वाभाविक सी बात है। पागलों को सड़कों पर गाली – गलौज करते अमूमन देखा ही जाता है…”
रोहिणी यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड का जिक्र करते हुए सीएम की चारित्रिक नीचता पर सवाल उठाए: “जिस व्यक्ति के संरक्षण में मुजफ्फरपुर महापाप हुआ, जिसकी चारित्रिक नीचता के किस्से तमाम हैं, उस बदजुबान तोंद वाले अंकल के मुंह से निश्चित हार की बौखलाहट में घटिया सोच से पैदा हुई निम्नस्तर की भाषा का गुबार निकल रहा है।”
अपने पोस्ट के अंत में, रोहिणी आचार्य ने सीएम नीतीश कुमार को चेतावनी देते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के समर्थन में हुंकार भरी: “पागलपन की हद हासिल कर बेचैन आत्मा बन चुके अंकल… बोली जा रही हर गंदी बोली का हिसाब करने को तैयार बैठी है बिहार की जनता… ‘चाहे लाख दे लो गाली, बिहार में इस बार सिर्फ और सिर्फ भाई तेजस्वी के लिए ही बजेगी ताली।'”
आरजेडी और जेडीयू नेताओं के बीच शब्दों की यह जंग एक बार फिर बिहार की राजनीति के गिरते स्तर को दर्शाती है और आगामी चुनावों से पहले दोनों खेमों के बीच तनाव को चरम पर पहुंचा सकती है।