सिटी पोस्ट लाइव
नालंदा। जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के बेले माधोपुर गांव में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटका पाया गया। मृतका की पहचान सोनू सिंह की पत्नी शिवानी देवी (21) के रूप में हुई है। शिवानी के मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पिछले दो दिन से शिवानी से संपर्क नहीं हो पा रहा था। शुक्रवार सुबह जब वे ससुराल पहुंचे, तो घर में कोई नहीं था।

पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा खोला गया, तो शिवानी का शव पंखे से लटका मिला, जबकि उसका शरीर आधा बिस्तर पर पड़ा था और वहां से तेज बदबू आ रही थी, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी मृत्यु दो दिन पहले हुई। इस घटना के बाद से सास-ससुर और उसकी तीन महीने की बेटी लापता हैं। पति गुजरात में मजदूरी करता है और घटना की सूचना मिलने के बाद वह गांव लौट रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।