सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के अभ्यर्थियों का आंदोलन आज एक और बड़े मोड़ पर पहुंचने वाला है। पूरे बिहार से हजारों अभ्यर्थी पटना के गर्दनीबाग में जुटेंगे और अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन करेंगे। इन अभ्यर्थियों की सबसे बड़ी मांग है कि BPSC की परीक्षा दोबारा कराई जाए, जिसको लेकर वे पिछले एक महीने से ज्यादा समय से धरना, प्रदर्शन और सत्याग्रह कर रहे हैं।
आज, 12:00 बजे से अभ्यर्थियों ने पटना में धरना-प्रदर्शन की शुरुआत करेंगे, और इस बार यह आंदोलन और भी तेज़ और संगठित रूप में होगा। उनके साथ अन्य राज्यों से भी अभ्यर्थी पटना पहुंचने की तैयारी में हैं। यह आंदोलन केवल एक परीक्षा की पुनरावृत्ति की मांग नहीं, बल्कि उनके भविष्य को लेकर एक बड़ा संघर्ष बन चुका है। आंदोलन में शामिल अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे संघर्ष को और तेज़ करेंगे, ताकि उन्हें न्याय मिल सके। आज का प्रदर्शन एक स्पष्ट संकेत है कि बिहार के युवा अपने हक के लिए अब चुप नहीं बैठेंगे।
बीते बुधवार को चिराग पासवान ने बीपीएससी के लेकर कहा था कि, अभ्यर्थियों की बातों को आयोग को सुनना चाहिए था, जो आयोग कान में तेल डालकर छात्रों की बात सुनने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने आयोग से अपील करते हुए छात्रों की बात सुनने की मांग की। चिराग ने आगे कहा, “अगर किसी परीक्षा में एक नंबर का भी फायदा किसी छात्र को गलत तरीके से मिल जाता है, तो यह न केवल गलत है बल्कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल उठाता है।” उन्होंने कहा उनके भांजे और भांजी भी इस एग्जाम में शामिल हुए थे, उन्होंने मुझे बताया कि वहां किस तरीके से व्यवस्था में लापरवाही थी।