सिटी पोस्ट लाइव
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज महाकुंभ मेले में एक और बड़ा हादसा सामने आया है। गुरुवार को मेले के बाहरी इलाके में स्थित टेंट सिटी में भीषण आग लग गई। आग झूंसी छतनाग घाट के पास नागेश्वर घाट सेक्टर 22 में लगी। इस हादसे में करीब 15 टेंट जलकर राख हो गए। घटनास्थल पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
पुलिस अधिकारी प्रमोद शर्मा ने बताया कि उन्हें आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो देखा कि 15 टेंट जल रहे थे। फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत कार्रवाई की और आग पर काबू पाया। इस घटना में कोई भी व्यक्ति झुलसा नहीं है और समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया। साथ ही एसडीएम ने बताया कि यहां पर अनाधिकृत टेंट लगाए गए थे। यह क्षेत्र चमनगंज चौकी के अंतर्गत आता है और उन्हें इस बारे में सूचित किया गया था।

महाकुंभ में भगदड़ में 30 लोगों की जान गई 29 जनवरी को महाकुंभ मेला क्षेत्र में भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हुआ था। कुछ लोग बैरिकेड तोड़कर मेला क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, जबकि कई लोग जमीन पर सो रहे थे। इस दौरान भारी भीड़ उनके ऊपर से गुजर गई। इस घटना में 90 लोग घायल हुए और 30 लोगों की मौत हो गई। कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इससे पहले भी महाकुंभ मेला क्षेत्र में कुछ छोटे स्तर पर आगजनी की घटनाएं हुई हैं, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। 25 जनवरी को मेला क्षेत्र के सेक्टर-दो में मीडिया सेंटर के पीछे दो कारों में आग लगी थी, जिसे दमकलकर्मियों ने समय रहते बुझा लिया था।
इससे पहले, 19 जनवरी को सेक्टर-19 में एक शिविर में पुआल में आग लगने के बाद 18 शिविर जलकर खाक हो गए थे। हालांकि, इस हादसे में भी कोई जनहानि नहीं हुई और दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया था। इन शिविरों को बुझाने में 15-16 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगी थीं।