सीएम नीतीश कुमार ने जहानाबाद और अरवल में 368 करोड़ के योजनाओं का किया शिलान्यास

Manisha Kumari

सिटी पोस्ट लाइव

जहानाबाद/अरवल: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को अपनी प्रगति यात्रा के दौरान जहानाबाद और अरवल जिलों में 368 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिली है। मुख्यमंत्री ने जहानाबाद में मेडिकल कॉलेज, रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी), पर्यटक स्थल का समग्र विकास, और स्पोर्ट्स कंपलेक्स के नवीनीकरण जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्यों का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने अरवल में 120 करोड़ रुपये की 144 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया, जिससे स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “हम पहले जब यहाँ आए थे तो महिलाएं अपने बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में भी संघर्ष कर रही थीं, लेकिन अब महिलाएं समाज में अपनी पहचान बना रही हैं, और यह बदलाव हर किसी को महसूस हो रहा है। आज, विकास के इस दौर में हर व्यक्ति खुशहाल है।” मुख्यमंत्री ने अरवल में डिग्री कॉलेज, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, और ग्रामीण उद्यान के उद्घाटन के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, और जल संसाधन से जुड़ी योजनाओं पर जोर दिया। इस यात्रा के दौरान, उन्होंने अधिकारियों से उन योजनाओं के कार्यान्वयन की स्थिति का जायजा लिया और इन योजनाओं को पूरी तरह से साकार करने की दिशा में कदम उठाने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर जीविका दीदियों से संवाद किया और उनके बदलते जीवन स्तर की सराहना की। उन्होंने कहा, “जब हम पहली बार यहाँ आए थे, तब महिलाओं के पास अच्छे कपड़े भी नहीं होते थे, लेकिन अब उन्होंने खुद को आत्मनिर्भर बनाया है, जो बड़ी उपलब्धि है।” सीएम ने जहानाबाद में 238 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके बाद, वे अरवल मोड़ पर रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण स्थल का दौरा किया, जहाँ 234 करोड़ रुपये की लागत से यह परियोजना शुरू होने वाली है। साथ ही, उन्होंने स्पोर्ट्स कंपलेक्स के समग्र विकास के लिए भी योजना बनाई।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिले में भारी उत्साह देखा जा रहा है, और उनके कार्यों ने यहां के लोगों को बेहतर जीवन की उम्मीद दी है। जदयू के प्रदेश नेता निरंजन केशव उर्फ प्रिंस ने कहा, “सीएम के आगमन से जिले में विकास की नई उम्मीदें जगी हैं, और उनकी योजनाओं से जिलेवासियों को अब बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।” इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाहरणालय में अधिकारियों के साथ बैठक की और अरवल व जहानाबाद में विकास कार्यों की समीक्षा की, ताकि भविष्य में और तेजी से विकास हो सके।

Share This Article