सिटी पोस्ट लाइव
पटना: बिहार की एसटीएफ (STF) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पटना के जेठूली में चार लोगों की निर्मम हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी पटना के बेऊर थाना क्षेत्र से हुई है। आरोपी पर सरकार ने ₹50,000 का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी नेपाल भाग गया था, फिर गोवा और हिमाचल प्रदेश में छिपकर रह रहा था। काफी समय तक फरारी काटने के बाद वह पटना लौटा, जहां एसटीएफ को उसके ठिकाने की जानकारी मिली और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बता दें हत्या के बाद से ही रमेश पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार जगह बदलता रहा। वह पहले गोवा भाग गया, फिर कुछ महीने हिमाचल प्रदेश में छिपा रहा। जब पुलिस ने उस पर शिकंजा कसना शुरू किया, तो वह नेपाल चला गया। नेपाल में भी जब पुलिस के दबाव की भनक लगी, तो वह वहां से भागकर पटना के नत्थूपुर में अपने किसी करीबी के घर ठहर गया।
पिछले दो दिन पहले ही एसटीएफ और नदी थाना पुलिस को रमेश की मौजूदगी की पक्की खबर मिली। इसके बाद नत्थूपुर में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद रमेश को नदी थाना ले जाया गया, जहां पूछताछ की जा रही है। अब तक इस हत्याकांड में 17 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस को उम्मीद है कि रमेश से पूछताछ में कई अहम सुराग मिल सकते हैं, जिससे मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
यह आरोपी 2023 में हुए गोलीकांड का मास्टरमाइंड था, जिसमें चार लोगों को गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया गया था। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी। पुलिस लंबे समय से इसकी तलाश में जुटी थी। एसटीएफ की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि उससे कई अहम सुराग मिल सकते हैं, जिससे इस हत्याकांड से जुड़े अन्य राज भी सामने आ सकते हैं।