बेगूसराय में एक बार फिर भीषण अग्निकांड, 10 से अधिक दुकानें और घर जलकर खाक

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बेगूसराय :
बेगूसराय ज़िले के चकिया थाना क्षेत्र स्थित सिमरिया घाट के पास एक भीषण अग्निकांड ने तबाही मचा दी। बीती रात तेज हवाओं के बीच बिजली के तारों के आपस में टकराने से निकली चिंगारी ने एक दुकान में आग भड़का दी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवा के कारण आग ने तेजी से फैलते हुए आसपास की 10 से अधिक दुकानों और घरों को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उनका हर प्रयास नाकाम रहा। आग की लपटों में दुकानें और घर धू-धू कर जलते रहे। इस अग्निकांड में करीब 15 से 20 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

फायर ब्रिगेड को सूचना दिए जाने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरा इलाका खाक में तब्दील हो चुका था। इस हादसे में राजीव कुमार निषाद, ठसा निषाद, संजय झा, प्रकाश झा, कुंदन निषाद, श्री निषाद, मौलवी साहब सहित 4-5 अन्य लोगों के दुकान और घर जलकर राख हो गए।

प्रभावित दुकानदार और उनके परिजन गहरे सदमे में हैं। अधिकतर लोग NH-31 के किनारे होटल, पूजा सामग्री और अन्य छोटी दुकानों से अपना गुजर-बसर करते थे, और दुकान के पीछे ही अपने परिवार के साथ रहते थे। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है।

स्थानीय निवासी रौदी कुमार सहित अन्य चश्मदीदों का कहना है कि आग बिजली के तारों से निकली चिंगारी के कारण लगी, जिसे तेज हवाओं ने विकराल बना दिया।

Share This Article