मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने पुलिसिया गश्त को ठेंगा दिखाते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। करजा थाना क्षेत्र के मड़वन (मुजफ्फरपुर-छपरा मुख्य मार्ग) स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एटीएम को गैस कटर से काटकर अपराधी लाखों रुपये उड़ा ले गए।
अपराधियों ने देर रात मुख्य सड़क पर स्थित एटीएम को निशाना बनाया और गैस कटर का इस्तेमाल कर मशीन को बड़े आराम से काट डाला। रविवार सुबह जब स्थानीय लोग एटीएम पहुंचे, तब क्षतिग्रस्त मशीन और शटर देख घटना का पता चला। सूचना मिलते ही एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एक SIT (विशेष जांच दल) का गठन किया गया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड साक्ष्य जुटाने में लगे हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

सुरक्षा पर सवाल;
मुख्य मार्ग पर हुई इस चोरी ने पुलिस की मुस्तैदी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि अपराधियों ने इतनी बड़ी मशीन काटने में काफी समय लिया होगा, फिर भी गश्ती दल को इसकी भनक तक नहीं लगी।
अधिकारिक बयान;
“बैंक अधिकारियों को बुलाया गया है और कैश का मिलान किया जा रहा है। जल्द ही चोरी हुई सटीक राशि का पता चल जाएगा। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।” – कांतेश कुमार मिश्रा, एसएसपी