सिटी पोस्राट लाइव : पूर्व मंत्री बीमा भारती के घर हुई चोरी के मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है. उनकी सौतन गुड़िया मंडल ने बीमा भारती और उनके भाई अशोक मंडल पर चोरी करवाने का आरोप लगाया है.गुड़िया मंडल ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है जिसमें उन्होंने दावा किया कि बीमा भारती और उनके भाई उनकी हत्या की साजिश भी रच रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि चोरी की यह घटना सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी, जिसमें बदमाशों को भेजकर वारदात को अंजाम दिलवाया गया. गुड़िया मंडल ने बताया कि उनके पति अवधेश मंडल इस समय जेल में हैं और जिस दिन यह चोरी हुई, वह संयोगवश अपने मायके में थीं. उनका मानना है कि अगर वह उस दिन घर पर होतीं, तो उनकी हत्या भी की जा सकती थी.
गुड़िया मंडल ने कहा, “हम 2011 से अपने पति अवधेश मंडल के साथ यहां रह रहे हैं. यह घर मेरा है. अगर यहां चोरी हुई है तो चाबी का रहस्य कौन जानेगा? वह चाबी तो पहले ही बीमा भारती ले गई थीं. ऐसे में सवाल उठता है कि चाबी अचानक घर में कैसे आई? और जब डीवीआर ही गायब कर दिया गया है, तो सबूत कैसे मिलेंगे?” उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है. हालांकि, बीमा भारती ने इन आरोपों का पूरी तरह से खंडन किया है.इससे पहले खबर आई थी कि चोरों ने बीमा भारती के भवानीपुर आवास में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. जांच में पुलिस ने टेक्निकल सेल, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की मदद ली, लेकिन अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. घटना गुरुवार की रात घटी थी, जिसके बाद पुलिस ने शुक्रवार को आवास पर पहुंचकर गहन छानबीन की. जांच के दौरान कई अहम साक्ष्य जुटाए गए.
चोरों ने पूर्व मंत्री के चार कमरों का ताला तोड़कर वहां से अष्टधातु की बेशकीमती मूर्ति, सोने के जेवरात और अन्य कीमती सामान चुरा लिया. इतना ही नहीं, वे सीसीटीवी का डीवीआर भी ले उड़े, जिससे जांच में बाधा उत्पन्न हो रही है. बीमा भारती ने भवानीपुर थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है.यह पहली बार नहीं है जब बीमा भारती के घर चोरी हुई है. इससे पहले वर्ष 2018 में भी चोरों ने उनके आवास पर धावा बोला था. उस समय चोरों ने उनकी लाइसेंसी पिस्टल, दस लाख रुपये से अधिक के सोने के जेवरात और अन्य कीमती सामान चुरा लिया था. सात साल बीत जाने के बाद भी उस चोरी का खुलासा नहीं हो पाया है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं.