सिटी पोस्ट लाइव
रोहतास। तीन जिलों की पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुके 50 हजार के इनामी अपराधी भोला यादव को आखिरकार रोहतास पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी से पुलिस ने राहत की सांस ली है। भोला यादव पर लूट, डकैती सहित 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। रोहतास जिले के डिहरी-ऑन-सोन स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी रौशन कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी दी कि लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी भोला यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरोह बनाकर देता था वारदात को अंजाम
भोला यादव ने बिहार के कई जिलों में अपराध की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस के मुताबिक, वह नासरीगंज बालू घाट पर डकैती समेत कई लूट की वारदातों में संलिप्त था, और पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में थी। खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि भोला यादव अपने सहयोगी मिथिलेश चौधरी के साथ नासरीगंज थाना क्षेत्र में किसी बालू घाट पर लूट की योजना बना रहा था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान शुरू किया और बिक्रमगंज-डेहरी मार्ग पर पडुरी के पास दोनों अपराधियों को दबोच लिया।

हथियार और बाइक बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक अवैध पिस्टल, 20 जिंदा कारतूस और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस फिलहाल भोला यादव से गहन पूछताछ कर रही है और उम्मीद है कि अन्य संगीन मामलों में भी उसकी संलिप्तता का खुलासा हो सकता है।