प्रतियोगिता से छात्रों में बढ़ती है प्रतिस्पर्धा की भावना, मस्तिष्क का होता है विकास : DSP

Rahul
By Rahul
  • पुलिस सप्ताह के अंतर्गत डुमरांव थाने में आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, शीर्ष तीन विजेताओं को मिली साइकिल, शहर के कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लिया भाग

सिटी पोस्ट लाइव

डुमरांव। छात्रों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने और मानसिक विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतियोगिताओं का विशेष महत्व होता है। इसी संदर्भ में गुरुवार को डुमरांव थाना परिसर में आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के समापन समारोह में डीएसपी अफाक अख्तर अंसारी ने यह विचार व्यक्त किए।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

यह प्रतियोगिता पुलिस सप्ताह के तहत आयोजित की गई थी, जिसमें शहर के आठ विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा के लिए पुलिस अधिकारियों द्वारा विशेष रूप से प्रश्नपत्र तैयार किए गए थे। प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को पुरस्कारस्वरूप साइकिल प्रदान की गई, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

इन स्कूलों के छात्रों ने प्रतियोगिता में लिया भाग

इस आयोजन में डीएवी पब्लिक स्कूल, राइजिंग सन इंटरनेशनल स्कूल, लेजेंड स्कूल, फाउंडेशन स्कूल, कैंब्रिज स्कूल, द लेजेंड स्कूल, राज हाई स्कूल और सीपीएसएस स्कूल के कक्षा नौ के दर्जनों विद्यार्थियों ने भाग लिया।

राइजिंग सन इंटरनेशनल स्कूल की निशा बनीं विजेता

इस सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल ने राइजिंग सन इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा निशा कुमारी (पिता – विमलेश गोंड) को प्रथम स्थान प्रदान किया। डीएवी पब्लिक स्कूल की छात्रा श्रीजन (पिता – विनय कुमार दूबे) को द्वितीय स्थान और इसी स्कूल की सुमन कुमारी (पिता – रविंद्र कुमार) को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। तीनों छात्रों को पुलिस प्रशासन द्वारा साइकिल भेंट कर सम्मानित किया गया।

डुमरांव थानाध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं

डुमरांव थानाध्यक्ष शंभू कुमार भगत ने प्रतियोगिता में विजयी छात्रों को बधाई दी और प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पुलिस सप्ताह का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना और अपराध नियंत्रण को प्रभावी करना है। इस दौरान कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें पुलिस और जनता के बीच संबंधों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। इस अवसर पर राइजिंग सन इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक ब्रह्मा ठाकुर, चर्चित एंकर मिस्टर मनोज, अजितेश कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी, शिक्षक और विद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share This Article