महिला दिवस पर बोलीं राबड़ी देवी, तेजस्वी ने कहा-
सिटी पोस्ट लाइव : शनिवार को पटना के बापू सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आरजेडी के द्वारा आयोजित ‘माई बहिन सम्मेलन’ में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि आज यहां पर जितनी भी महिलाएं आई हैं, उन सबका मैं दिल से धन्यवाद देती हूं. अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देती हूं. लालू यादव ने गरीबों को आवाज देने का काम किया था. पिछड़े, अगड़े, दलित सभी को उठाने का काम किया है.आरजेडी महिलाओं के लिए हमेशा काम करता रहा है. आज महिला हर क्षेत्र में काम कर रही है. आने वाले चुनाव में तेजस्वी की सरकार बनाने का काम करिए. सभी महिला तेजस्वी के साथ कदम से कदम मिलाकर साथ देने का कम करें. सरकार क्या कर रही है? न तो रोजगार मिल रहा और न ही नौकरी, गरीबों को मारा जा रहा है.
राबडी देबी ने कहा कि जितनी महंगाई है, एक आदमी की कमाई से बच्चे को नहीं पढ़ा पाएंगे. गरीबी कम नहीं हो रही है इसलिए मैं आप सब से अनुरोध करती हूं कि तेजस्वी की सरकार बनाएं. लालू जी बीमार रहते हैं आप सब देखे हैं कि उनका तीन-चार ऑपरेशन हुआ है.उन्होंने कहा कि सभी लोग राजद को वोट देते हैं, लेकिन सारा वोट कहां चला जाता है. ये लोग वोट में गड़बड़ी करते हैं. झूठे केस में फंसा देते हैं. बार-बार नोटिस भेजते हैं. एक ही बात को हजार बार पूछा जाता है. हम लोगों को बहुत परेशान किया जाता है. न हम लोग चोरी करते हैं न चोरी किए हैं. हम लोग गरीबों के साथ हमेशा रहेंगे और गरीबों को कभी झुकने नहीं देंगे.
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि हर महिला बिहार की बेटी है, बहन है, मां हैं. आप हैं तो बिहार है. खुद को आप सब की सेवा में मैं समर्पित करता हूं. पृथ्वी को तीन चीज चलाती है, जिसमें परमात्मा, प्रकृति और मां शामिल हैं. नारी को नारायणी कहा जाता है. जीवन में आप सभी का कर्ज उतार सकते हैं, लेकिन सात जन्मों में भी आप मां का कर्ज नहीं उतार सकते.अगर हमारी सरकार बनी तो मेरा आपसे वादा है, मेरा संकल्प है कि आपकी सभी चिंताओं और दुखों को जड़ से खत्म करने में मैं पूरी ताकत लगा दूंगा. झारखंड में हमारी सरकार बनी तो एक महीने के अंदर ही महिलाओं को राशि मिलने लगी. हम लोगों की सरकार बनाइएगा तो माई बहिन मान योजना के तहत 2500 प्रतिमाह देने का काम करेंगे.