सिटी पोस्ट लाइव : बागेश्वर धाम के सुप्रीमो पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बिहार को ज्ञान और माता जानकी की जन्मभूमि बताते हुए कहा कि हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए अगर कहीं से आवाज उठेगी, तो वह सबसे ज्यादा बिहार से ही उठेगी. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वे किसी राजनीतिक पार्टी के प्रचारक नहीं, बल्कि हिंदुत्व के विचारक हैं.कथा के दौरान बाबा धीरेंद्र शास्त्री ने विरोधियों पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को उनके बिहार आगमन से पेट दर्द हो रहा है. राम के राष्ट्र में राम की कथा को कौन रोक सकता है? यह देश राम, कृष्ण और संतों का है, और जब तक मेरे तन में प्राण रहेंगे, मैं हिंदुओं के लिए जिऊंगा और मरूंगा’
.
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने मीडिया में हो रहे बवाल को लेकर भी टिप्पणी की और कहा, ‘ये देश किसी के बाप का नहीं है, यह बाबर का नहीं, रघुवर और रानी लक्ष्मी बाई का देश है’. धीरेंद्र शास्त्री ने हनुमत कथा के दौरान स्पष्ट किया कि वे बिहार में किसी राजनीतिक पार्टी के लिए नहीं, बल्कि सिर्फ हिंदू समुदाय को एकजुट करने के उद्देश्य से आए हैं और न ही वह किसी पार्टी से वोट मांगने आए हैं. उन्होंने कहा कि 10 मार्च तक हनुमत कथा होगी और 8 मार्च को दिव्य दरबार लगेगा.
बिहार के गोपालगंज के रामनगर स्थित राम जानकी मठ में 10 मार्च तक चलने वाली इस हनुमत कथा को लेकर गोपालगंज जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. श्रद्धालुओं के लिए आश्रय स्थल बनाए गए हैं और उनके भोजन के लिए भंडारा भी चल रहा है. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमत कथा में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर उनकी बातों का श्रवण किया और हिंदुत्व की संकल्पना को मजबूत करने की बात पर जोर दिया