बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मियां चरम पर पहुंच चुकी हैं, जहां 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में वोटिंग और 14 नवंबर को नतीजे आने वाले हैं। इसी चुनावी उन्माद के बीच सिटी पोस्ट लाइव ने एक बार फिर राजनीतिक पटल को हिला देने वाला मेगा इवेंट ‘कौन बनेगा बिहार 2.0’ का आयोजन किया। होटल मौर्या, पटना में 13 अक्टूबर को हुए इस कॉन्क्लेव में NDA, INDIA गठबंधन के अलावा उभरते दलों के दिग्गज आमने-सामने आए। इसका थीम ‘बिहार विधानसभा चुनाव 2025’ पर केंद्रित है। और इस बहस ने विकास, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर तीखी बौछारें कीं, जिससे बिहार की सियासत को नई दिशा मिलने की उम्मीद जगी है।

कार्यक्रम में बिहार की सियासत के प्रमुख चेहरे शामिल हुए, जिनकी मौजूदगी ने माहौल को और गर्मा दिया-जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार, इंडियन इनक्लूसिव पार्टी प्रमुख IP गुप्ता, आरजेडी MLA भाई वीरेंद्र, जनसुराज नेता व गायक रितेश पांडे, द प्लुरल पार्टी चीफ पुष्पम प्रिया चौधरी, लोकसभा सांसद शांभवी चौधरी, MLC सच्चिदानंद राय। इसके अलावा कई अन्य नेता, पूर्व विधायक और विश्लेषक शामिल हुए। इसके साथ ही पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

दरअसल, सिटी पोस्ट लाइव के संस्थापक और वरिष्ठ पत्रकार श्रीकांत प्रत्युष के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बिहार की राजनीति को नई सोच और बहस की जरूरत है। होटल मौर्या के कांफ्रेंस हॉल में सजी सजायी सेटिंग में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। वहीं, विशेष संवाददाता मुस्कान प्रत्युष (संस्थापक की बेटी), सीनियर एंकर मुकेश सिंह और एंकर सृष्टि राज ने एंकरिंग की कमान संभाली। मुस्कान की ताजगी, मुकेश सिंह की गहराई और सृष्टि की चुस्ती ने बहस को जीवंत बना दिया। श्रीकांत प्रत्युष ने उद्घाटन में कहा, “यह कॉन्क्लेव सिर्फ बहस नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य का खाका है। 2025 का चुनाव बहुकोणीय होगा, जहां जनता ही विजेता बनेगी।”

कार्यक्रम का समापन श्रीकांत प्रत्युष ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा- सिटी पोस्ट लाइव चुनाव कवरेज को और विस्तार देगा। यह कॉन्क्लेव सितंबर के पहले संस्करण की तर्ज पर बिहार चुनाव को बहुकोणीय बनाने में सफल रहा।
(रिपोर्ट: सिटी पोस्ट लाइव इवेंट कवरेज पर आधारित। सभी तस्वीरें और वीडियो कॉन्क्लेव से।)