बारात ले जा रही कार में लगी आग, बाल-बाल बचे दूल्हे का भाई और रिश्तेदार

देर से पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम, तत्परता से बची लोगों की जान

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव

जमुई। गुरुवार देर रात जमुई में बारातियों से भरी एक कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। इस हादसे में दूल्हे का भाई और उसके अन्य रिश्तेदार किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। घटना बरहट प्रखंड के सुदामापुर गांव की है, जहां के निवासी कैलाश यादव के बेटे देवेश कुमार (26) की शादी तय थी। देवेश के भाई और अन्य परिजन बारात लेकर जमुई के एक निजी होटल जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी अर्टिगा कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई, जिससे बारातियों में अफरा-तफरी मच गई।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

बारात में शामिल एक युवक ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर मदद मांगी और फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी। जीवन कुमार नामक बाराती ने बताया कि जैसे ही कार से धुआं उठने लगा, सभी लोग तेजी से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, मौके पर लगभग 30 मिनट तक इंतजार करने के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम नहीं पहुंची, जिसके चलते बारातियों को दूसरी गाड़ी से रवाना होना पड़ा।

घटनास्थल पर मौजूद वाहन चालक लगातार फोन पर संपर्क में था। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई। समय रहते सभी कार से बाहर निकल गए, जिससे जनहानि टल गई। इस घटना के बाद बारातियों ने फायर ब्रिगेड की लापरवाही पर नाराजगी जताई। बरहट थाना अध्यक्ष कुमार संजीव ने बताया कि सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाई गई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

Share This Article