पटना जिले के दानापुर में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, आधा दर्जन दुकानें जलकर राख

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
पटना जिले के दानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तकियापर में शुक्रवार सुबह शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। एक फास्ट फूड दुकान से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते आधा दर्जन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे करीब 7 लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह बारिश के रुकने के बाद तकियापर की एक फास्ट फूड दुकान में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारी से आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की जनरल स्टोर, फल दुकान, मोबाइल दुकान और मुर्गा दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों में इन दुकानों का सारा सामान जल गया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग मौके पर पहुंचा और चार दमकल गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अग्निशमन के सहायक अधिकारी विजय शंकर यादव ने पुष्टि की कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी और आधा दर्जन दुकानें इसकी चपेट में आ गईं।

समाजसेवी मौलवी हसन उर्फ मक्खन ने बताया कि समय पर दमकल विभाग के पहुंचने से और बड़ा नुकसान टल गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन व्यापारियों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है। यह हादसा फिर एक बार यह सोचने पर मजबूर करता है कि दुकानों में बिजली की सुरक्षा व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा उपाय कितने जरूरी हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से नुकसान की भरपाई और जांच की मांग कर रहे हैं।

Share This Article