सिटी पोस्ट लाइव : आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि अगले एक महीने के अंदर सभी कामों को पूरा कर लिया जाना चाहिए.पटना एयरपोर्ट का विस्तार लंबे समय से आवश्यक थी. यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही थी. नए टर्मिनल के बनने से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और भीड़भाड़ की समस्या कम होगी. नई इमारत में सभी आधुनिक सुविधाओं को जोड़ा गया है.
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि नया टर्मिनल पहले की तुलना में अधिक बड़ा और सुविधाजनक होगा. चेक इन काउंटर की संख्या बढ़ाई गई है. वेटिंग एरिया को आरामदायक बनाया गया है. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है.निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से समय सीमा के अंदर काम करने को कहा है. जय प्रकाश इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के निर्माण पर कुल लागत 1400 करोड़ रुपए आएगी. नए टर्मिनल के तैयार होने के बाद पटना से इंटरनेशनल फ्लाइट भी शुरू हो जाएगी.
सीएम ने बिहटा में बन रहे इंटरनेशनल एयरपोर्ट और दानापुर-बिहटा एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया. दानापुर से बिहटा चौक तक लगभग 25 किलोमीटर रोड निर्माण होना है. इसमें 14 किलोमीटर एलिवेटेड रोड और 11 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण शामिल है.सीएम ने इस दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इस मौके पर बिहार के मुख्य सचिव, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारी, पटना जिलाधिकारी मौजूद थे.