सिटी पोस्ट लाइव
नई दिल्ली। इंदिरा गांधी स्टेडियम, नई दिल्ली में खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2025 (KIPG 2025) की शुरुआत जोश और उमंग के साथ हुई। पहले दिन पैरा बैडमिंटन के रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। 2024 पैरालंपिक में स्वर्ण पदक विजेता रहे नितेश कुमार ने टूर्नामेंट में शानदार आगाज किया। उनके साथ ही मनीषा रामदास और टोक्यो पैरालंपिक चैंपियन कृष्णा नागर भी एक्शन में दिखे। नागर ने बोंटा गौतम नरसिम्हुडू के खिलाफ सीधे सेटों में जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। नितेश कुमार का मैदान में प्रवेश बेहद खास रहा, जिससे प्रशंसकों और मीडिया का उत्साह बढ़ गया।

हरियाणा के इस खिलाड़ी ने अपने पहले ही मुकाबले में हेमंत कुमार ठाकुर को 2-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। टूर्नामेंट के महत्व पर बात करते हुए नितेश ने कहा, “यह खेल मेरे लिए सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और प्रेरणा का स्रोत भी है। मैं इस खेल से बहुत कुछ सीख चुका हूँ और अब इसे आगे बढ़ाने में योगदान देना चाहता हूँ।” दिनभर चले बैडमिंटन मुकाबलों में कुल 69 मैच खेले गए, जिनमें कई रोमांचक पल देखने को मिले। आईजी स्टेडियम के जिमनास्टिक हॉल में हुए मुकाबलों में 2024 पैरालंपिक कांस्य पदक विजेता मनीषा रामदास ने वैशाली नीलेश पटेल को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
मुख्य मुकाबलों के परिणाम (शाम 7:30 बजे तक)
- कृष्णा नागर ने बोंटा गौतम नरसिम्हुडु को 21-9, 21-15 से हराया (एमएस एसएच 6)
- मनोज सरकार ने बिट्टू कुमार को 21-11, 21-4 से मात दी (एमएस एसएल 3)
- नितेश कुमार ने हेमंत कुमार ठाकुर को 21-6, 21-11 से हराया (एमएस एसएल 3)
- मनीषा रामदास ने वैशाली नीलेश पटेल को 21-6, 21-5 से शिकस्त दी (डब्लूएस यू5)
खेलो इंडिया पैरा गेम्स
खेलो इंडिया पैरा गेम्स, खेलो इंडिया मिशन का हिस्सा है, जो प्रतिभाशाली पैरा एथलीटों को राष्ट्रीय मंच पर प्रतिस्पर्धा का अवसर प्रदान करता है। 2023 में इसके पहले संस्करण का आयोजन हुआ था, जबकि इस साल यह खेल 20-27 मार्च तक नई दिल्ली में तीन स्थानों पर छह प्रमुख खेलों में आयोजित किए जा रहे हैं।