सिटी पोस्ट लाइव
पटना। फुलवारी प्रखंड के मैपुर अंदा पंचायत स्थित 10+2 स्कूल अंदा में मंगलवार को जागरूकता और काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान बच्चो को बिहार सरकार की प्रमुख योजनाओं जैसे बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना (BSCC), मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना (SHA) और कुशल युवा कार्यक्रम (KYP) की पूरी जानकारी दी गयी और योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। इस कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं और स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों और बेरोजगार युवाओं को इन योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर DRCC, पटना से आईं अनुपमा रानी (सहायक प्रबंधक योजना) और राम उदय सिंह (SWO) ने उपस्थित छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को इन योजनाओं के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि कैसे ये योजनाएं युवाओं की शिक्षा और कौशल विकास में सहायक हो सकती हैं और रोजगार के अवसर बढ़ा सकती हैं।

इन योजनाओं की दी गयी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्रों और युवाओं को बिहार सरकार की इन योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं:
- बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना (BSCC) – इस योजना के तहत छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए सरकार द्वारा चार लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जाता है, जिससे वे बिना किसी आर्थिक बाधा के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकते हैं।
- मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना (SHA) – यह योजना बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से चलाई जा रही है, जिसमें योग्य युवाओं को प्रति माह 1000 रुपये की सहायता दी जाती है।
- कुशल युवा कार्यक्रम (KYP) – इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को कंप्यूटर, कम्युनिकेशन स्किल्स और अन्य तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे वे बेहतर रोजगार के लिए तैयार हो सकें।
कार्यक्रम में पंचायत के मुखिया, स्थानीय शिक्षक, KYP संचालक स्वाति किशोर, पल्लवी कुमारी और अभय पांडे सहित कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

कैसे करें आवेदन
कार्यक्रम के दौरान जिला निबंधन कार्यालय की ओर से छात्रों की काउंसलिंग की गई, जिसमें उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान छात्रों को कंप्यूटर प्रशिक्षण के साथ-साथ बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, कुशल युवा कार्यक्रम और स्वयं सहायता भत्ता योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर छात्रों को बताया गया कि वे इन योजनाओं के तहत कैसे आवेदन कर सकते हैं, कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी हैं, और सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं का लाभ कैसे उठा सकते हैं।

गणमान्य व्यक्तियों का मिला साथ
इस कार्यक्रम में मैपुरा अंदा पंचायत के मुखिया सुनील कुमार सहित गांव के अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। वहीं, खगौल केंद्र की संचालक स्वाति किशोर ने भी छात्रों और युवाओं को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि सभी उपस्थित प्रतिभागियों ने इन योजनाओं के प्रति अपनी रुचि दिखाई और अधिक से अधिक युवाओं ने इससे जोड़ने की बात कही। सरकार की इन योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भविष्य में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक छात्र और युवा लाभान्वित हो सकें।