सिटी पोस्ट लाइव
पटना: मोकामा गोलीबारी मामले में पूर्व विधायक अनंत सिंह की जमानत याचिका पर आज सुनवाई होने वाली है। पटना सिविल कोर्ट के MP-MLA कोर्ट में अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अमित वैभव की अदालत में उनके वकील सुनील कुमार ने नियमित जमानत की अर्जी दायर की है। बता दें 24 जनवरी से अनंत सिंह जेल में बंद हैं। 22 जनवरी को मोकामा के नौरंगा गांव में हुई गोलीबारी के बाद पुलिस ने अनंत सिंह पर आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। उन पर पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और सरकारी काम में रुकावट डालने के आरोप लगाए गए हैं।
मोकामा गोलीकांड के मामले में पुलिस ने 24 जनवरी को गैंगस्टर सोनू और अनंत सिंह के समर्थक रौशन को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद पूर्व विधायक ने बाढ़ कोर्ट में आत्मसमर्पण किया और उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया गया। अब तक इस मामले में कुल 5 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं, जिनमें से एक पुलिस ने दर्ज की है। वहीं 22 जनवरी को शाम के समय पूर्व विधायक अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ नौरंगा गांव पहुंचे थे, जहां गैंगस्टर सोनू और मोनू के समर्थकों के साथ उनका विवाद हुआ। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच करीब 100 राउंड फायरिंग की घटना सामने आई। फायरिंग का एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें 20 राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई देती है।
ग्रामीण SP विक्रम सिहाग ने बताया था कि बुधवार सुबह हेमजा गांव में मुकेश सिंह के घर पर पैसे के लेन-देन को लेकर ताला लगाया गया था, जिसे हल करने के लिए अनंत सिंह वहां पहुंचे थे। यहां अनंत सिंह के समर्थकों और स्थानीय मुखिया उर्मिला देवी के बेटे सोनू और मोनू के बीच गोलीबारी हुई।गोलीबारी के अगले दिन 23 जनवरी को नौरंगा जलालपुर गांव में फिर से फायरिंग हुई। आरोप है कि सोनू और मोनू गैंग ने सुबह 5.30 बजे मुकेश के घर पर पिस्टल से पांच राउंड गोलियां चलाईं।
पुलिस के मुताबिक, हेमजा गांव के मुकेश के घर पर गैंगस्टर सोनू और मोनू ने 65 लाख रुपये के लेन-देन के विवाद के कारण ताला जड़ दिया था। मुकेश लखीसराय जिले के खुटहा गांव में चिमनी के काम में मुंशी था, और सोनू-मोनू उसके पार्टनर थे। इस विवाद के कारण ही ताला लगवाया गया था, और अनंत सिंह के हस्तक्षेप के बाद ही ताला खुलवाया गया। इसके बाद अनंत सिंह और उनके समर्थक नौरंगा गांव पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।