सिटी पोस्ट लाइव :विधानसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन में सीटों के बटवारे को लेकर कवायद तेज हो गई है.गठबंधन के सहयोगी दलों की दूसरी अहम बैठक 24 अप्रैल को सदाकत आश्रम में होगी. इस बैठक में आरजेडी की ओर से समन्वय समिति के अध्यक्ष तेजस्वी यादव, कांग्रेस से राजेश राम, कृष्णा अल्लावारू, वीआइपी से मुकेश सहनी समेत वाम दलों के प्रमुख नेता शामिल होंगे.उम्मीद है कि इस बैठक में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष डॉक्टर अखिलेश सिंह भी शामिल हो सकते हैं.अखिलेश सिंह 21 अप्रैल को पटना पहुँच रहे हैं.
तेजस्वी को समन्वय समिति का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पहली बार महागठबंधन के नेता एक साथ बैठक करने वाले हैं.सदाकत आश्रम में होने वाली इस बैठक में महागठबंधन के दल सीटों के बंटवारे पर बातचीत शुरू कर सकते हैं. सीट बंटवारे में दलों के पिछले प्रदर्शन के साथ इस बार की तैयारियों को भी ध्यान में रखा जाएगा.ऐसे में सीट बंटवारे का फार्मूला तय किया जा सकता है. इसके अलावा प्रदेश इकाई की तर्ज पर जिला और प्रखंड स्तर पर भी समन्वय समिति बनाई जानी है. इसको लेकर भी बैठक में अहम निर्णय लिए जा सकते हैं. विधानसभा चुनाव के लिए प्रभावी मुद्दों और आगामी रणनीति पर भी चर्चा की जा सकती है.