RJD नहीं, ‘जनशक्ति जनता दल’ लालू की सच्ची वारिस- तेजप्रताप का दावा; तेजस्वी को कहा बहुरूपिया

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने बिहार की राजनीति में एक बार फिर भूचाल ला दिया है। मंगलवार को मधेपुरा में अपनी पार्टी के प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए तेजप्रताप ने सीधा दावा किया कि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नहीं, बल्कि जनशक्ति जनता दल (JJD) ही लालू यादव की असली पार्टी है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे उन ‘बहुरूपियों’ से सावधान रहें, जो लालू यादव के नाम का इस्तेमाल कर अपना उल्लू सीधा करने की कोशिश कर रहे हैं। इस बयान को उनके छोटे भाई और राजद नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ एक बड़ा सियासी हमला माना जा रहा है।

लालू के नाम पर ठगने वाले ‘बहुरूपिया’ से सावधान
नेहालपट्टी हाई स्कूल प्रांगण में आयोजित जनसभा में तेजप्रताप ने अपनी बात को पुरजोर तरीके से रखा। उन्होंने जनशक्ति जनता दल को लालू यादव के सिद्धांतों का सच्चा वाहक बताया और कहा, “जनशक्ति जनता दल ही लालू प्रसाद यादव की ओरिजिनल पार्टी है। हम अपने पिता के विचारों पर चल रहे हैं।” अपने चिर-परिचित अंदाज में उन्होंने कहा, “बहुत सारा बहुरूपिया घूम रहा है, उसके चक्कर में मत पड़िए, नहीं तो फिर पांच साल पीछे चले जाएंगे।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इन्हीं बहुरूपियों ने उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा और उन्हें पुराने दल (RJD) से अलग करवाया। तेजप्रताप ने तंज कसते हुए कहा कि जयचंद उनके पीछे लगे हुए हैं, लेकिन वह डरने वाले नहीं हैं।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

शिक्षा, रोजगार और व्यवस्था पर सरकार को घेरा
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए तेजप्रताप ने वर्तमान बिहार सरकार को शिक्षा, रोजगार और व्यवस्था तीनों मोर्चों पर विफल बताया। उन्होंने कहा कि “बिहार आज शिक्षा, रोजगार और व्यवस्था तीनों मोर्चों पर पिछड़ता जा रहा है।” उन्होंने ब्लैक बोर्ड का जिक्र करते हुए कहा कि आज लोग महसूस कर रहे हैं कि बिहार में शिक्षा की कितनी कमी है। उन्होंने शिक्षकों के आंदोलन का भी समर्थन किया और कहा कि जब शिक्षक अपने अधिकार की मांग करते हैं तो उन पर लाठीचार्ज किया जाता है। उन्होंने बेरोजगारी को पूरे बिहार में हाहाकार मचाने वाला बताया।

“देखिए, वह बहुरूपिया जा रहा है”
सभा के दौरान एक दिलचस्प वाकया तब हुआ, जब बगल से राजद प्रत्याशी का प्रचार वाहन गुजर रहा था। तेजप्रताप ने तुरंत इशारा करते हुए कहा, “देखिए, वह बहुरूपिया जा रहा है।” उन्होंने उस व्यक्ति को अपने पूर्व कैबिनेट का शिक्षा मंत्री बताते हुए आरोप लगाया कि उसने अपने कार्यकाल में सिर्फ लूटने का काम किया। उन्होंने खुद को जमीन से जुड़ा हुआ बताते हुए कहा कि जो जमीन को पकड़ कर चलेगा, वही गरीब का सच्चा हितैषी होगा। तेजप्रताप ने यह भी आरोप लगाया कि आज की सरकार में बिना घूस के कोई काम नहीं हो रहा है और गांव के लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है, इसलिए व्यवस्था में परिवर्तन जरूरी है।

पूरे बिहार में जारी रहेगा अभियान
तेजप्रताप ने बताया कि उनका अभियान पूरे बिहार में शुरू हो चुका है और उनका ‘उड़न खटोला’ उड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां शिक्षा और स्वास्थ्य की बात होगी, वहां तेज प्रताप जरूर पहुंचेंगे।

Share This Article