सिटी पोस्ट लाइव : बाहुबली नेता आनंद मोहन के बेटे ,शिवहर विधायक चेतन आनंद ने जेडीयू के प्रधान कार्यालय अवध मार्केट में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि वह शिवहर के समग्र विकास के प्रति संकल्पित है. विकास की इस कड़ी में दो और नए आयाम शीघ्र जुड़ने वाले हैं. शिवहर में जल्द मेडिकल कॉलेज की स्थापना होगी.अदौरी-खोरीपाकड़ के बीच बागमती नदी पर पुल का भी निर्माण कराया जाएगा.
उन्होंने कहा कि शिवहर में मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि चिन्हित किया जा रहा है. भूमि की उपलब्धता होते ही महज 15 दिनों के अंदर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसकी आधारशिला रखेंगे.विधायक ने कहा कि उनके छोटे से कार्यकाल में शिवहर का चतुर्दिक विकास हुआ है. डिग्री कॉलेज, आईटीआई, इंजीनियरिंग कॉलेज, सरोजा सीताराम स्थित जर्जर सड़क का निर्माण, गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे, रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे, अयोध्या-जनकपुर धाम स्पेशल कॉरिडोर, सीतामढ़ी जानकी धाम से मोतिहारी बापू धाम वाया शिवहर प्रथम चरण का रेल लाइन का कार्य प्रगति पर है.
विधायक ने कहा कि देकुली धाम से कुशहर तक टू लेन और मुजफ्फरपुर वाया मीनापुर शिवहर तक पथ चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है. शिवहर में 88 पथों व 35 पुल पुलियों का निर्माण कराया गया है. 300 विद्यालयों के भवन और चारदीवारी का निर्माण कराया गया है. विधायक ने कहा कि देकुली धाम को पर्यटन स्थल घोषित कर नए निर्माण, विस्तारीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य जारी है. बागमती नदी के दोनों तटबंधों के मरम्मती चौड़ीकरण और पक्कीकरण एवं बंद पड़े रीगा चीनी मिल को पुनः संचालन किया गया है