सिटी पोस्ट लाइव : बिहार में एनडीए के सबसे मजबूत किला माने जाने वाले शाहाबाद को 2024 के लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन ने ढाह दिया था. शाहाबाद के अंदर आने वाले चार लोकसभा यानी सासाराम लोकसभा, काराकाट लोकसभा, आरा लोकसभा और बक्सर लोकसभा पर महागठबंधन को जीत मिली थी. महागठबंधन ने बीजेपी को जीरो पर आउट कर दिया था. इस हार का कारण केवल एक नारा था जिसने शाहबाद क्षेत्र से एनडीए के पांव उखाड़ दिए. वह नारा था- ‘बाहरी भगाओ’.आरा लोकसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता राजकुमार सिंह को सीपीआईएमएल के सुदामा प्रसाद ने 59808 मतों से परास्त किया था.बक्सर लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार मिथिलेश तिवारी को राजद के सुधाकर सिंह ने 30091 मतों से परास्त किया.सासाराम लोकसभा से कांग्रेस के स्थानीय उम्मीदवार मनोज कुमार ने भाजपा के बाहरी उम्मीदवार शिवेश राम को 19157 मतों से परास्त किया था.
काराकाट लोकसभा से माले के स्थानीय उम्मीदवार राजाराम कुशवाहा ने एनडीए के बाहरी उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा को 105858 मतों से परास्त किया था. लोकसभा चुनाव में इन दोनों क्षेत्रों में एनडीए को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा था. आरजेडी, कांग्रेस और वाम दलों के महागठबंधन ने बिहार में 9 सीटें जो जीती थीं, जिनमें से 7 मगध और शाहाबाद की ही हैं. ऐसे में एनडीए के सभी दल यहां अपनी जमीन मजबूत करने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं. पीएम मोदी की पटना और शाहाबाद में संभावित दौरों को बीजेपी की इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.
प्रधानमंत्री मोदी के बिहार दौरे को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि प्रदेश के भाजपा नेता संभावित दौरों की तैयारी में जुटे हैं. खबर है कि 4 मई को पटना में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया समारोह के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री शिकरत कर सकते हैं. इसके बाद 30 मई को शाहाबाद क्षेत्र में प्रधानमंत्री का दौरा संभावित है. शाहाबाद के किस जिले में पीएम का कार्यक्रम होगा, यह फिलहाल तय नहीं है. औरंगाबाद या सासाराम में रैली की संभावना अधिक है. पीएम मोदी के संभावित बिहार दौरे को लेकर गुरुवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल की अध्यक्षता में बिहार भाजपा की कोर कमेटी की बैठक हुई.