IPL की तर्ज पर बिहार में BPL, पटना में 6 टीमें लेंगी हिस्सा.

City Post Live

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सिटी पोस्ट लाइव : बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) इस बार आईपीएल की तर्ज पर बिहार प्रीमियर लीग (BPL) के आयोजन की तैयारी कर रहा है. यह टूर्नामेंट जल्द ही पटना में खेला जाएगा. 6 टीमें हिस्सा लेंगी. सभी मुकाबले टी20 फॉर्मेट में होंगे. बीपीएल के इस  संस्करण में  बिहार के रणजी और अन्य फॉर्मेट में खेल चुके खिलाड़ी भाग लेंगे. क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें विशेष रूप से बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी पर टिकी होंगी.उन्होंने  हाल ही में शानदार बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया है.

बीपीएल के लिए आईपीएल की तरह ही खिलाड़ियों की नीलामी (ऑक्शन) होगी और फ्रेंचाइज़ी आधारित टीमें बनाई जाएंगी. हर टीम का नाम बिहार के किसी प्रमुख शहर के नाम पर होगा, जैसे पटना, गया, मुजफ्फरपुर आदि. टीमों के नाम की अंतिम मंजूरी बीपीएल की गवर्निंग काउंसिल देगी.बीसीए ने इच्छुक संस्थानों और व्यक्तियों से फ्रेंचाइज़ी पार्टनर बनने के लिए रुचि पत्र (EOI) आमंत्रित किए हैं. बोली की न्यूनतम राशि 5 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष तय की गई है और आवेदक का टर्नओवर प्रस्तावित राशि का तीन गुना होना अनिवार्य है.

चयनित फ्रेंचाइज़ी को अनुबंध के समय 50 प्रतिशत, टूर्नामेंट शुरू होने से तीन दिन पहले 25 प्रतिशत, और फाइनल से एक सप्ताह पहले शेष 25 प्रतिशत राशि का भुगतान करना होगा. इसके साथ ही 50 लाख रुपये की ब्याज मुक्त सुरक्षा राशि भी जमा करनी होगी, जिसे टूर्नामेंट समाप्त होने के 45 दिन बाद वापस किया जाएगा.रुचि पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 7 मई, शाम 5 बजे तय की गई है. आवेदन [email protected] पर ईमेल के माध्यम से भेजे जा सकते हैं. चयनित आवेदकों की घोषणा 7 दिनों के भीतर कर दी जाएगी.

TAGGED:
Share This Article