सिटी पोस्ट लाइव
मोतिहारी : पूर्वी चंपारण जिले के डुमरियाघाट थाना पुलिस को मंगलवार को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान 380 बोतल ब्रांडेड विदेशी शराब और बियर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डुमरियाघाट थाना क्षेत्र से गुजरने वाले नेशनल हाईवे के रास्ते शराब की एक बड़ी खेप आने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सरोतर चंवर स्थित मलंग बाबा मंदिर के पास छापेमारी की। इस दौरान एक कार को रोका गया, जिसमें भारी मात्रा में शराब लदी हुई थी।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विकास कुमार और अनमोल कुमार के रूप में हुई है, दोनों समस्तीपुर जिले के ताजपुर थाना अंतर्गत माधोपुर गांव के निवासी हैं।
थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि जब्त की गई शराब की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह खेप किस राज्य से लाई गई थी और किन-किन स्थानों पर सप्लाई होनी थी। पुलिस आगे की पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।