बगहा में जंगली भालू की दस्तक से मचा हड़कंप, खेतों में अफरातफरी : रेस्क्यू में जुटा वन विभाग

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
पटना :
बिहार के बगहा में शनिवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब एक जंगली भालू महिला थाना के सामने अचानक सड़क पार करता हुआ नजर आया। पहले तो लोगों को अपनी आंखों पर यकीन नहीं हुआ, लेकिन जैसे ही भालू खेतों की ओर बढ़ा, वहां मौजूद मजदूरों में चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

भालू की मौजूदगी की खबर पूरे इलाके में जंगल की आग की तरह फैल गई। डर के मारे कई लोग अपने घरों की छतों पर चढ़ गए और ऊपर से नजारा देखने लगे। वहीं, रिहायशी इलाकों में सन्नाटा पसर गया।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

घटना की सूचना मिलते ही SC-ST थाना प्रभारी शिवशंकर प्रसाद ने तुरंत वन विभाग को सूचित किया। खबर मिलते ही वाल्मीकि टाइगर रिजर्व की टीम अलर्ट हो गई और भालू को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह भालू वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से भटक कर आबादी वाले इलाके में आ गया। इससे पहले भी टाइगर रिजर्व से तेंदुआ, भालू और अन्य जंगली जानवरों के रिहायशी इलाकों में आने की घटनाएं सामने आती रही हैं।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और भालू के पास जाने से बचें। यदि किसी को भालू की उपस्थिति दिखाई दे, तो तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचित करें, ताकि जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Share This Article