सिटी पोस्ट लाइव
पटना : राजधानी पटना में नवजात शिशुओं की चोरी और तस्करी से जुड़े एक बड़े अंतरराज्यीय रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। पटना पुलिस ने इस गिरोह में शामिल चार महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें एक नर्स भी शामिल है, जो अस्पताल से बच्चों की जानकारी लीक करने में संलिप्त थी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब तीन लाख रुपये नकद और एक अपहृत नवजात शिशु को सकुशल बरामद कर लिया है। यह मामला तब सामने आया जब 7 मई को पूनम देवी नाम की महिला ने मालसलामी थाना में अपने नवजात शिशु के चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
गुप्त सूचना के आधार पर पटना साहिब स्टेशन से तीन आरोपियों — अनीता देवी, रेणु कुमारी और विजय कुमार — को नवजात शिशु के साथ गिरफ्तार किया गया, जब वे ट्रेन पकड़कर फरार होने की फिराक में थे। उनके पास से मौके पर ₹60,000 नकद बरामद हुआ।
पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने रेणु कुमारी के मीठापुर स्थित घर से ₹2,00,000 और कंकड़बाग की नर्स शोभा देवी एवं शशि जायसवाल को भी गिरफ्तार कर लिया। यह गिरोह वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से लगे ग्रामीण और शहरी इलाकों में गरीब परिवारों को निशाना बनाकर बच्चों की चोरी करता था, और फिर उन्हें ऊंची कीमत पर बेच देता था।
पटना सिटी के डीएसपी डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि यह अब तक का सबसे बड़ा नवजात चोरी एवं तस्करी का मामला है, और इससे जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क को खत्म कर देने का दावा किया गया है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अस्पतालों और जन्म केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।