गंगा स्नान में दर्दनाक हादसा: एक ही परिवार के तीन बच्चों की डूबने से मौत, दो को बचाया गया

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
मुंगेर (बिहार):
मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बरदह गंगा घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक ही परिवार के पाँच लोग गहरे पानी में चले गए, जिनमें से तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो को स्थानीय नाविकों ने बचा लिया। घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है।

घटना सोमवार को उस समय हुई जब सीताकुंड कल्याणचक गांव निवासी संजय यादव की पत्नी व बच्चे कुल देवता की स्थापना से पहले गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुँचे थे। स्नान के दौरान सभी लोग अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उसी समय गंगा में जा रही एक नाव से दो लोगों को बचा लिया गया, लेकिन तीन को नहीं बचाया जा सका।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घाट पर पहुंचे और स्थानीय स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया गया। इसके बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह को सूचित किया गया, जिन्होंने गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम को मौके पर भेजा। घंटों की मशक्कत के बाद तीनों बच्चों के शव गंगा से निकाले गए और मुंगेर सदर अस्पताल लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान: काव्या उर्फ शालो कुमारी (22 वर्ष), हर्ष कुमार (16 वर्ष), अमन कुमार राज (15 वर्ष) तीनों मृतक संजय यादव के पुत्र व पुत्री थे। परिजनों का कहना है कि सभी बच्चे पढ़ाई में अच्छे थे, लेकिन किसी को भी तैरना नहीं आता था। अगर प्रशासन समय पर पहुँचता, तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।

घटना की जानकारी मिलते ही राजद नेता मुकेश यादव सहित कई जनप्रतिनिधि सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने जिला प्रशासन पर देर से पहुँचने का आरोप लगाया। उधर, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी कुमार अभिषेक ने बताया कि मृतकों के परिजनों को आपदा राहत कोष से मुआवजा दिया जाएगा। शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

Share This Article