सिटी पोस्ट लाइव
नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के बेरौटी गांव में बुधवार रात सत्यनारायण भगवान की पूजा के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब बदमाशों ने धावा बोलते हुए अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में गांव के 40 वर्षीय विनीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सरपंच शंभू सिंह को सीने में गोली लगने से गंभीर चोटें आई हैं।
करीब दो दर्जन राउंड फायरिंग, घर में तोड़फोड़
मृतक के पुत्र मनीष कुमार ने बताया कि विवाद की शुरुआत एक रिश्तेदार से बदसलूकी के विरोध से हुई। जब उन्होंने गांव के ही अरुण सिंह और उसके साथियों से इसका कारण पूछा, तो उन्होंने हथियार निकालकर लगातार फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग की गई। घटना के बाद उपद्रवियों ने लाठी-डंडों और हथियारों से मृतक के घर पर जमकर तोड़फोड़ भी की।
पुलिस की देरी से लोगों में आक्रोश सूचना के बावजूद पुलिस दो घंटे देर से घटनास्थल पर पहुंची, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे और गांव में दहशत फैल चुकी थी। देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कार्रवाई में तेजी, SIT गठित डीएसपी रामदुलार प्रसाद ने बताया “घटना में शामिल दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT गठित कर दी गई है और वीडियो फुटेज के आधार पर जांच जारी है।” गांव में स्थिति नियंत्रण में है लेकिन तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। घटना से जुड़े फायरिंग और तोड़फोड़ के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे पुलिस पर कार्रवाई को लेकर दबाव बढ़ा है। जनता में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।