सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के गोपालगंज जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहित महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। यह घटना बरौली थाना क्षेत्र के बतरदेह टोला कटहरीबारी गांव की है।
मृतक की पहचान ध्रुव शाह (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पंजाब में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। घटना के वक्त वह कुछ दिनों की छुट्टी पर अपने गांव आया हुआ था। घर पर उसकी पत्नी किरण देवी और बुजुर्ग माता-पिता रह रहे थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसकी पत्नी के पड़ोसी युवक विकेश कुमार (25 वर्ष) से अवैध संबंध थे। एक दिन ध्रुव ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथ पकड़ लिया, जिसके बाद घर में विवाद हुआ और उसने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को फटकार लगाई। पुलिस जांच में सामने आया कि अपमानित महसूस कर रही पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। जैसे ही ध्रुव शाह रात को सो रहा था, किरण देवी और विकेश ने मिलकर तलवार से उसका गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मृतक के पिता राम प्रसाद ने दी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंच कर किरण देवी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका प्रेमी विकेश कुमार सिवान जिले के नविगंज स्थित अपनी बहन के घर छिपा हुआ था, जहां से उसे भी हिरासत में ले लिया गया। घटना में प्रयुक्त तलवार भी पुलिस ने बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। एसडीपीओ सदर-2, राजेश कुमार ने बताया कि मामला गंभीर है और पुलिस सभी साक्ष्यों के आधार पर चार्जशीट तैयार कर रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।