सिटी पोस्ट लाइव
बिक्रमगंज (रोहतास), बिहार – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के दौरान बिक्रमगंज में आयोजित भव्य जनसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया और राज्य को दी गई 48,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लिए आभार प्रकट किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी मंच पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री द्वारा राज्य को दी गई बड़ी सौगातों — जिनमें सड़क, रेल, बिजली और पुल निर्माण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं — को बिहार के समग्र विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री जी द्वारा आज जिन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ है, उनसे राज्य को अभूतपूर्व लाभ मिलेगा। यह सब 48,500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किए जा रहे हैं, जिसके लिए मैं प्रधानमंत्री को हृदय से धन्यवाद देता हूं।”
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा दो सड़क परियोजनाओं के उद्घाटन, तीन रेल परियोजनाओं के लोकार्पण और चार प्रमुख योजनाओं के शिलान्यास का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं बिहार को ऊर्जा, संपर्क और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएंगी।
विपक्ष पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि “2005 से पहले बिहार में विकास की कोई परिकल्पना नहीं थी। महिलाओं के लिए कोई कार्य नहीं किया गया था। लेकिन जब से एनडीए सरकार बनी, हमने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पुल जैसे क्षेत्रों में समर्पित प्रयास किए हैं।” उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने महिलाओं को पंचायत और शहरी निकायों में 50% आरक्षण दिया और नौकरियों में भी 35% आरक्षण सुनिश्चित किया, जिससे राज्य की महिलाएं आत्मनिर्भर बनीं और आगे बढ़ीं।
‘सात निश्चय’ योजना का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने अपनी महत्वाकांक्षी ‘सात निश्चय योजना’ का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में हर घर तक बिजली, नल का जल, शौचालय और पक्की सड़कें पहुँचाने का कार्य जारी है। उन्होंने घोषणा की कि 2025 के जून तक राज्य की सभी नई बसावटों में भी ये सुविधाएं पहुंचा दी जाएंगी। साथ ही ‘सात निश्चय पार्ट-2’ के अंतर्गत युवाओं को रोजगार और कौशल विकास का लाभ देने के लिए तेजी से कार्य हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में राज्य सरकार ने 50,000 करोड़ रुपये की लागत से 430 नई योजनाओं को स्वीकृति दी है।
बजट और केंद्र की योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा हाल ही में बिहार के लिए घोषित बजट प्रावधानों का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि मखाना बोर्ड की स्थापना, नए एयरपोर्ट का प्रस्ताव और पश्चिमी कोसी नहर परियोजना के लिए वित्तीय सहायता जैसी घोषणाएं राज्य के विकास को नई दिशा देंगी। उन्होंने ‘खेलो इंडिया’ के तहत बिहार को भी शामिल किए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार के जातीय जनगणना के निर्णय की भी सराहना की। उन्होंने कहा, “जो काम हमने वर्षों पहले माँगा था, अब उसे केंद्र सरकार ने पूरा कर दिया, जिसके लिए मैं प्रधानमंत्री का धन्यवाद करता हूँ।”
कार्यक्रम का समापन सम्मान के साथ
मुख्यमंत्री ने अंत में एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंच से अभिनंदन करते हुए कहा, “हम सब बिहारवासी आपके आभारी हैं कि आपने राज्य को इतनी बड़ी योजनाओं की सौगात दी। मैं आपके स्वस्थ, दीर्घ और यशस्वी जीवन की कामना करता हूँ।”