सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान आज भाकपा (माले) के विधायकों ने मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। विधायकों ने काले कपड़े पहनकर विधानसभा परिसर में नारेबाजी की और इसे मताधिकार पर हमला करार दिया।
भाकपा माले विधायकों का आरोप है कि सरकार की मंशा मतदाता सूची निरीक्षण के जरिए विशेष वर्गों के वोट काटने की है, जिससे लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की मूल भावना को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह “पुनरीक्षण” नहीं बल्कि “चयनात्मक संशोधन” है, जिसमें वंचित समुदायों को टारगेट किया जा रहा है।
विधायकों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वोटर लिस्ट निरीक्षक की नियुक्ति और प्रक्रिया को अविलंब रद्द किया जाए। वे इसे संवैधानिक अधिकारों के साथ खिलवाड़ बताते हुए बोले कि भाकपा माले इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने यह प्रक्रिया वापस नहीं ली, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।