Bihar Politics:
सिटी पोस्ट लाइव : मुजफ्फरपुर दुष्कर्म कांड को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बिहार सरकार पर असंवेदनशीलता का आरोप लगाया है. राहुल गांधी ने गुरुवार को अपने इंटरनेट मीडिया एकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट डाल कर लिखा कि बिहार की स्थिति बेहद भयावह है. एक तरफ, असंवेदनशीलता की हर सीमा को पार करते हुए, दुष्कर्म पीड़िता की मौत से टूटे परिजनों को बिहार सरकार के मंत्री धक्का मारते हैं और बेटे की कसम दिलाकर न्याय मांगने वालों का अपमान करते हैं.दूसरी तरफ, बीजेपी नेता मुझे अपमानित करने की कोशिश में बिहार की माताओं, बहनों और गुरुओं को अभद्र भाषा से निशाना बना रहे हैं.
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा है- सत्ता की भूख ने इनकी संवेदनाएं छीन ली हैं. कुर्सियों की चमक ने इनकी आंखें बंद कर दी हैं. क्या ऐसे लोग महिलाओं की सुरक्षा करेंगे? शिक्षकों को सम्मान देंगे? फिर से कहूंगा, नीतीश सरकार अब न्याय नहीं, सिर्फ सत्ता की राजनीति का प्रतीक बन चुकी है.जेडीयू ने भी राहुल पर पलटवार किया है. ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि दशकों तक सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने अति-पिछड़ों की कोई सुध नहीं ली. परिवहन मंत्री शीला मंडल ने कहा कि अति पिछड़ा समाज नीतीश कुमार को अपना सच्चा हितैषी मानता है.