तेज प्रताप यादव की नई रणनीति वायरल वीडियो से मचाई सियासी हलचल, लौटने का संकेत?

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार की राजनीति में एक बार फिर तेज प्रताप यादव की मौजूदगी चर्चा का विषय बन गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के पूर्व नेता और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है।

इस वीडियो में तेज प्रताप एक ऑफिस जैसे सेटअप में प्रवेश करते नजर आते हैं, जहां दीवार पर उनके माता-पिता लालू यादव और राबड़ी देवी की तस्वीरें लगी हुई हैं। वह आत्मविश्वास से ऑफिस में दाखिल होते हैं, कुर्सी पर बैठते हैं और वीडियो को मोटिवेशनल म्यूजिक के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हैं। इस वीडियो के साथ उन्होंने एक प्रेरणात्मक उद्धरण भी लिखा: “All our dreams can come true; if we have the courage to pursue them” (हमारे सभी सपने साकार हो सकते हैं, यदि हममें उन्हें पूरा करने का साहस हो।)

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

यह पोस्ट ऐसे समय पर आया है जब तेज प्रताप यादव पहले ही पार्टी और परिवार से बाहर किए जा चुके हैं। कुछ समय पहले उनकी अनुष्का यादव के साथ एक निजी तस्वीर वायरल हुई थी, जिससे विवाद खड़ा हो गया। इसके बाद आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने उन्हें पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, तेज प्रताप को घर से भी बाहर कर दिया गया है और अधिकांश परिजनों ने उनसे दूरी बना ली है।

इस भावनात्मक झटके के बाद भी तेज प्रताप सोशल मीडिया पर सक्रिय रहे हैं। उन्होंने पहले भी कई भावुक पोस्ट साझा किए थे। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा था: “मेरे प्यारे मम्मी-पापा… मेरी सारी दुनिया आप दोनों में ही समाई है। भगवान से बढ़कर हैं आप।” इस पोस्ट में उन्होंने अपने पिता पर भरोसा जताते हुए लिखा कि पार्टी के कुछ ‘जयचंद जैसे लालची लोग’ ही उनके और पार्टी के बीच दरार की वजह बने। राजनीतिक विशेषज्ञ इसे तेज प्रताप की संभावित ‘नई पारी’ की तैयारी मान रहे हैं, खासकर बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले। तेज प्रताप की सोशल मीडिया रणनीति और भावनात्मक अपील उनके पुराने तेवरों की वापसी का संकेत दे रही है।

Share This Article