Bihar Politics: तू-तड़ाक से माई-बाप तक… वीडियो और पोस्टर वॉर,
सिटी पोस्ट लाइव : चुनावी माहौल मे सभी राजनीतिक दल सारी मर्यादा भूल चुके हैं। एक-दूसरे के विरुद्ध कटाक्ष व प्रहार और तीखे हमले कर रहे हैं। दोनों गठबंधनों (राजग और महागठबंधन) के बीच शब्द-प्रहार के बीच वीडियो और पोस्टर-वार जारी है। पिछले एक सप्ताह में दोनों ओर से एक्स हैंडल पर ऐसे दर्जन भर वीडियो और संदेश जारी हुए हैं, जिसमें दबे-दबाए पुराने मुद्दों को भी हवा दिए जाने की चेष्टा हुई है।
सबसे ज्यादा हमलावर आरजेडी और बीजेपी है। आरजेडी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर आक्रामक है। उसके वीडियो व संदेश में विरोधी पक्ष की नकारात्मक बातों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। वीडियो बनाने में एआइ का भरपूर सहयोग लिया गया है, लेकिन कई बार पैरोडी बिखर जा रही है। हास्य-रस में डूबी लालू प्रसाद की राजनीतिक व्यंग्योक्तियों का वीडियो भी राजद एक्स पर पोस्ट किए हुए है। उसमें आक्षेप नीतीश कुमार पर है।
महंगाई और बेरोजगारी के उल्लेख के साथ प्रधानमंत्री को जुमलेबाज बताया गया है। दावा यह कि नरेन्द्र-नीतीश को बिहार बर्दाश्त नहीं करेगा। एक पोस्ट में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय की खिंचाई की जा रही है। उसका आधार दुष्कर्म पीड़िता किशोरी की पीएमसीएच में मृत्यु है। और कितनी बलि लोगे अमंगल पांडे? आत्मा धिक्कारती नहीं है? बीजेपी ने राहुल गांधी के बारे मे लिखा है- शहजादे न भरोसे के काबिल हैं, न इज्जत के हकदार। फिर भी विरोधियों पर आक्षेप करते समय उसका फोकस व्यक्तित्व के बजाय कृतित्व पर अधिक है।
लालू के शासन-काल और राजग के शासन-काल की तुलनात्मक अध्ययन के लिए उसने पटना से गयाजी तक के राष्ट्रीय राजमार्ग को आधार बनाया है।
सड़क के स्केच के साथ पोस्ट में लिखा है कि मजबूत नेतृत्व का फर्क साफ है। दूरी 102 किलोमीटर है, जिसे तय करने में लालू शासन-काल में 6:43 घंटे लगते थे, जो घटकर अब 1:50 घंटे हो गए हैं। नकारात्मक प्रचार दोधारी तलवार की तरह होता है।राजद के वीडियो-पोस्ट पर वाहवाही करने वाले समाज विशेष के लोग हैं और खिंचाई करने वाले तो तू-तड़ाक और माई-बाप तक उतर जा रहे।